झारखंड भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन जारी
छात्रों का विरोध प्रदर्शन 20वें दिन भी जारी
झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का विरोध प्रदर्शन बृहस्पतिवार को 20वें दिन भी जारी है। प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को पूरा करने तक आंदोलन समाप्त करने के लिए तैयार नहीं हैं।
‘जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म्स मंच’ के तहत अभ्यर्थी जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में प्रदर्शन कर रहे हैं। उनकी मांग है कि भर्ती परीक्षाओं में अधिक पारदर्शिता लाई जाए, कई परीक्षाएं रद्द की जाएं और पूरे मामले की स्वतंत्र जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) या झारखंड के बाहर के सेवानिवृत्त न्यायाधीशों की समिति द्वारा कराई जाए।
पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर सीबीआई जांच की मांग पूरी नहीं हुई, तो वे अनशन करेंगे। इसके अलावा, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने 1,200 से अधिक विश्वविद्यालयों में विरोध प्रदर्शन करने की योजना बनाई है।
दास ने 2024 में आबकारी आरक्षक भर्ती की शारीरिक परीक्षा के दौरान जान गंवाने वाले 19 अभ्यर्थियों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग की है।
एबीवीपी नेताओं ने राज्य सरकार द्वारा गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी) की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए हैं और इसके गठन में बार-बार किए गए बदलावों का हवाला दिया है।
झारखंड में मुख्य विपक्षी पार्टी भाजपा ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर आंदोलन को दबाने का आरोप लगाया है।
कांग्रेस, जो सोरेन सरकार का सहयोगी है, ने भाजपा पर छात्रों के आंदोलन का राजनीतिकरण करने की आलोचना की है और कहा है कि भाजपा ने विरोध प्रदर्शनों में बाधा डालने के लिए बाहर से कार्यकर्ताओं को बुलाया है।
सोमवार को विधानसभा की ओर मार्च कर रहे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच टकराव हुआ, जिसमें सुरक्षाकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए लाठी चार्ज, पानी की बौछारें और आंसू गैस के गोले छोड़े।
भाजपा ने इसके बाद पुलिस की कार्रवाई के विरोध में राज्यव्यापी बंद का आयोजन किया।
इस बीच, अनशन कर रहे झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) नेता देवेंद्र नाथ महतो की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने रांची के सिविल सर्जन से विरोध स्थल पर लौटने की अनुमति मांगी है।
महतो ने कहा कि उनकी ‘आत्मा’ छात्रों के आंदोलन के साथ है। अनशन कर रहे चार अन्य छात्रों को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इससे पहले, सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच बातचीत के छह दौर गतिरोध को समाप्त करने में असफल रहे।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि उनकी सरकार भर्ती परीक्षा में सुधार के लिए प्रतिबद्ध है और प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि 14वीं झारखंड लोकसेवा आयोग (जेपीएससी) परीक्षा रद्द कर दी जाएगी। उन्होंने भाजपा पर राजनीतिक लाभ के लिए इस आंदोलन का उपयोग करने का आरोप भी लगाया है।
