टक्सन, एरिजोना में गोलीबारी की घटना में नौ लोग घायल
टक्सन में गोलीबारी की घटना
वाशिंगटन: अमेरिका के एरिजोना राज्य के टक्सन शहर के डाउनटाउन क्षेत्र में रविवार तड़के एक गोलीबारी की घटना में कम से कम नौ लोग घायल हो गए। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, दो गुटों के बीच झड़प के बाद एक हमलावर ने भीड़भाड़ वाले इलाके में अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिससे कई राहगीर भी प्रभावित हुए।
घटना के बाद सभी घायलों और संदिग्ध को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। वर्तमान में, टक्सन पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
टक्सन पुलिस विभाग के अनुसार, नियमित गश्त पर तैनात अधिकारियों ने स्थानीय समयानुसार रात करीब दो बजे गोली चलने की आवाज सुनी और तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस प्रवक्ता फ्रैंक मैगोस ने बताया कि मौके पर अधिकारियों का सामना संदिग्ध से हुआ। उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कई बार कहा गया, लेकिन उसने भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने उसे गोली मार दी।
पुलिस ने बताया कि संदिग्ध की पहचान अभी तक सार्वजनिक नहीं की गई है। इस घटना में कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, गोलीबारी दो परिचित गुटों के बीच विवाद का परिणाम थी। इस दौरान कई निर्दोष राहगीर भी गोलियों की चपेट में आ गए।
टक्सन की मेयर रेजिना रोमेरो ने इस घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा, "एक हमलावर ने भीड़भाड़ वाले इलाके में लापरवाही से गोलीबारी की, जिसमें नौ लोग घायल हुए। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया गया है और उनकी स्थिति स्थिर है। हमें उम्मीद है कि वे जल्द स्वस्थ होकर घर लौटेंगे।"
