डॉ. सुभाष शर्मा ने केंद्रीय मंत्री से गुरु रविदास मठ के सरोवर के विकास की अपील की
गुरु रविदास मठ के ऐतिहासिक सरोवर का संरक्षण
डॉ. सुभाष शर्मा ने केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से की मुलाकात, 650वें प्रकाश पर्व के मद्देनजर विकास का आग्रह
नंगल: भाजपा पंजाब के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सुभाष शर्मा ने केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने श्री आनंदपुर साहिब विधानसभा क्षेत्र के गांव पस्सीवाल में स्थित श्री गुरु रविदास मठ के ऐतिहासिक सरोवर के संरक्षण और विकास का मुद्दा उठाया। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि इस सरोवर के जीर्णोद्धार और मठ परिसर के समग्र विकास को उपयुक्त योजना के तहत शामिल किया जाए।
डॉ. शर्मा ने बताया कि यह ऐतिहासिक स्थल धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। मान्यता है कि गुरु रविदास जी ने इसी पवित्र स्थान पर तपस्या की थी। यह स्थल समानता, सामाजिक समरसता और मानवता के संदेश से जुड़ी समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर उनके शिक्षाओं से जुड़े ऐतिहासिक स्थलों का संरक्षण और विकास करना अत्यंत आवश्यक है। इससे हमारी सांस्कृतिक विरासत सुरक्षित रहेगी और आने वाली पीढ़ियों को महान संतों की शिक्षाओं से परिचित होने का अवसर मिलेगा।
डॉ. शर्मा के अनुसार, मठ के प्रमुख महंत गोपालानंद जी और संगत की इच्छा है कि ऐतिहासिक सरोवर का उचित जीर्णोद्धार किया जाए और पूरे परिसर का योजनाबद्ध तरीके से विकास हो। इसमें सरोवर का संरक्षण, परिसर का सौंदर्यीकरण, श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाओं का विस्तार और स्थल की ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्ता को प्रदर्शित करने संबंधी कार्य शामिल हैं।
उन्होंने केंद्रीय मंत्री से अनुरोध किया कि इस प्रस्ताव पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं, ताकि इस ऐतिहासिक धरोहर को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सके।
डॉ. शर्मा ने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से सरोवर के संरक्षण और मठ परिसर के विकास की दिशा में ठोस पहल होगी। इससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और पंजाब की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को सहेजने में मदद मिलेगी।
