तमिल फिल्म 'जन नायकन' का नया पोस्टर जारी, रिलीज में बस दो दिन बचे
फिल्म 'जन नायकन' का नया प्रचार पोस्टर
केवीएन प्रोडक्शंस ने मंगलवार को अपनी आगामी फिल्म ‘जन नायकन’ का नया प्रचार पोस्टर जारी किया। यह फिल्म तमिलनाडु के वर्तमान मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की अंतिम फिल्म मानी जा रही है।
निर्माण कंपनी ने फिल्म की रिलीज से दो दिन पहले इस नए पोस्टर को साझा करते हुए दर्शकों को बताया कि अब केवल दो दिन का इंतजार है। यह फिल्म 23 जुलाई को विश्वभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।
पोस्टर में विजय कंधे पर बंदूक रखे हुए दिखाई दे रहे हैं। एच. विनोद द्वारा निर्देशित इस फिल्म का संगीत अनिरुद्ध रविचंदर ने तैयार किया है। फिल्म में बॉबी देओल, पूजा हेगड़े, ममिता बैजू और प्रकाश राज जैसे प्रमुख कलाकार भी शामिल हैं। इसका निर्माण वेंकट के. नारायण ने केवीएन प्रोडक्शंस के तहत किया है।
फिल्म के आधिकारिक शीर्षक में मुख्य अभिनेता का परिचय ‘तमिलनाडु के माननीय मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय’ के रूप में दिया गया है।
केवीएन प्रोडक्शंस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्टर साझा करते हुए लिखा कि दो दिन में टीवीके का दबदबा। थलपति वेत्री कोंडन आ रहे हैं।
इस फिल्म में विजय ‘थलपति वेत्री कोंडन’ नामक एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि ‘टीवीके’ तमिलगा वेत्री कषगम का संक्षिप्त नाम है, जिसे विजय ने दो वर्ष पहले स्थापित किया था और जो वर्तमान में राज्य में सरकार में है।
निर्देशक एच. विनोद के अनुसार, यह फिल्म केवल प्रशंसकों को आकर्षित करने के लिए नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों की लड़ाई पर केंद्रित है। उन्होंने फिल्म के अंतिम दृश्य को ‘‘मुख्यमंत्री विजय की पहली फिल्म का भावनात्मक और ऐतिहासिक क्षण’’ बताया।
