तमिलनाडु में उपचुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया पूरी, 58 पर्चे वैध
उपचुनाव के लिए नामांकन की स्थिति
तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम विधानसभा क्षेत्रों में 6 अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव के लिए 99 नामांकनों में से 58 को वैध माना गया है, जबकि 41 पर्चे निरस्त कर दिए गए हैं। ये सीटें अन्नाद्रमुक के बागी विधायकों के इस्तीफे के कारण खाली हुई थीं।
मुख्य चुनाव अधिकारी के कार्यालय के अनुसार, मदुरंतकम में 48 नामांकनों में से 28 वैध और 20 निरस्त हुए, जबकि धारापुरम में 51 में से 30 पर्चे सही पाए गए और 21 को खारिज कर दिया गया। नामांकन पत्रों की जांच के बाद, 19 सितंबर तक नाम वापसी की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है।
सत्तारूढ़ तमिझगा वेत्री कषगम (टीवीके), मुख्य विपक्षी दल द्रमुक, अन्नाद्रमुक, नाम तमिलर काची (एनटीके) और वामपंथी दलों के सभी प्रमुख उम्मीदवारों के नामांकन पत्र सही पाए गए हैं।
नामांकन के अंतिम दिन, 16 सितंबर को, टीवीके के उम्मीदवार के. मरगथम कुमारवेल (मदुरंतकम) और पी. सत्यभामा (धारापुरम) ने अपने पर्चे दाखिल किए। दोनों ने अन्नाद्रमुक छोड़कर टीवीके में शामिल होने के बाद नामांकन किया।
मदुरंतकम सीट से अन्नाद्रमुक की कनिथा संपत, माकपा की पी सुगंती, द्रमुक के पूर्व विधायक आई परंतमन और एनटीके के के जानकीरामन चुनावी मैदान में हैं।
धारापुरम से अन्नाद्रमुक की के भानुमति, भाकपा के पी लक्ष्मणन, द्रमुक की सुकन्या और एनटीके की एम कार्तिका ने भी पर्चे भरे हैं।
पड़ोसी केंद्र शासित प्रदेश पुड्डुचेरी की थट्टांचावडी सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए सभी 15 उम्मीदवारों के नामांकन सही पाए गए हैं। यहां एआईएनआरसी के अशोक आनंद, कांग्रेस के ई विनायगम, द्रमुक के के सेतु उर्फ सेतुसेल्वम और भाकपा के ए मोहम्मद सलीम के बीच मुकाबला होगा। यह सीट मुख्यमंत्री एन. रंगासामी के इस्तीफे के बाद से रिक्त थी।
