तरनतारन में ड्रोन से तस्करी का मामला: चार पिस्तौल और 277 ग्राम हेरोइन बरामद
ड्रोन से तस्करी का खुलासा
तरनतारन: भारत और पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट खालड़ा सेक्टर में ड्रोन के माध्यम से हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी का एक नया मामला सामने आया है। गांव कलसियां के खेतों में गिराए गए पैकेट से सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चार पिस्तौल, छह खाली मैगजीन, 57 कारतूस और 277 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। इसके साथ ही, पैकेट से 37 ग्राम पैकिंग सामग्री भी मिली है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
सूत्रों के अनुसार, थाना खालड़ा पुलिस को बीएसएफ की 115वीं बटालियन के कमांडर मुरारी लाल शर्मा ने सूचना दी थी कि गांव कलसियां में किसान सुखा सिंह के खेत में ड्रोन द्वारा एक पीले रंग का पैकेट गिराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पैकेट को अपने कब्जे में लेकर उसकी जांच की।
पैकेट खोलने पर चार पिस्टल, छह खाली मैगजीन, 57 जिंदा कारतूस, 277 ग्राम हेरोइन और 37 ग्राम पैकिंग सामग्री बरामद हुई। सभी बरामद सामग्री को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना खालड़ा के सब-इंस्पेक्टर आरजू ने बताया कि बीएसएफ की 115वीं बटालियन के कमांडर की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की। किसान सुखा सिंह के खेत में ड्रोन से गिराए गए पैकेट से हथियार, कारतूस और हेरोइन बरामद की गई है।
प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि यह खेप पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से भारतीय क्षेत्र में भेजी गई थी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह खेप किसने भेजी थी और इसे आगे किसके हवाले किया जाना था।
इससे पहले, राजस्थान पुलिस ने 28 पाकिस्तानी हैंडलरों की पहचान की थी, जो ड्रोन का उपयोग करके अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार हथियार, नशीले पदार्थ और विस्फोटक भेजने में शामिल रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि उनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है और इसे केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ साझा किया जाएगा। इस बीच, पुलिस ने स्थानीय मददगारों की संपत्तियों की पहचान करना शुरू कर दिया है, जिनका उपयोग तस्करी के कार्यों में किया गया है।
