तेजस्वी यादव के नेतृत्व में राजद का लोकभवन मार्च, पुलिस ने किया वाटर कैनन का इस्तेमाल
पटना में राजद का विरोध प्रदर्शन
पटना। बुधवार को बिहार की राजधानी में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में लोकभवन की ओर मार्च निकाला। इस दौरान राजद कार्यकर्ताओं ने विरोध स्वरूप डमी एके-47 लेकर प्रदर्शन किया। यह विरोध प्रदर्शन पिछले महीने सीवान में छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस द्वारा एके-47 से गोली चलाने की घटना के खिलाफ था। जब पटना के आयकर गोलंबर के पास पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, तो कार्यकर्ता वहां से भागने के बजाय पानी की बौछारों में नाचने लगे। बाद में, पटना पुलिस ने तेजस्वी यादव और कई अन्य राजद कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
आज लगा की बिहार में विपक्ष मजबूत है !
आज पटना में तेजस्वी यादव जी छात्रो पर हुए लाठीचार्ज और AK47 चलाए जाने के विरोध में पैदल मार्च कर रहे थे !
पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए वाटर कैनन चलाया लेकिन RJD के कार्यकर्ताओं ने उसका आनंद लेने लगे !
जिसके बाद पुलिस ने तेजस्वी यादव… pic.twitter.com/HNYlkSDNQ9
— Jay Mangal Yadav (@MangalYadavSP) August 19, 2026
राजद का लोकभवन मार्च बुधवार सुबह पटना के जेपी गोलंबर से शुरू हुआ। तेजस्वी यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता तिरंगा लेकर आगे बढ़े और निहत्थे आंदोलनकारियों पर गोली चलाने, पेपर लीक की घटनाओं आदि के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
डाकबंगला चौराहा पर बैरिकेडिंग तोड़ी गई
राजद कार्यकर्ता जेपी गोलंबर से मार्च करते हुए डाकबंगला चौराहा पहुंचे, जहां पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रखी थी। कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग को तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आयकर गोलंबर के पास रोक दिया। वहां भी राजद कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
डमी एके-47 लेकर पहुंचे राजद कार्यकर्ता
तेजस्वी के नेतृत्व में हुए लोकभवन मार्च के दौरान कुछ राजद कार्यकर्ताओं ने पुलिस लिखे टीशर्ट पहनकर हाथ में डमी एके-47 लेकर प्रदर्शन किया। उनके बगल में स्टूडेंट लिखे कपड़े पहने अन्य कार्यकर्ता खड़े थे। उन्होंने सीवान में 25 जुलाई को हुई पुलिस फायरिंग की घटना का प्रतीकात्मक विरोध किया।
पानी की बौछारों में डांस करते रहे कार्यकर्ता
जब आयकर गोलंबर के पास पुलिस ने वाटर कैनन चलाए, तो राजद कार्यकर्ता वहीं डटे रहे और कई कार्यकर्ता पानी की बौछारों में डांस करते हुए मजे लेने लगे।
तेजस्वी यादव को हिरासत में लिया गया
पटना पुलिस ने तेजस्वी यादव और अन्य कार्यकर्ताओं को आयकर कार्यालय के पास से हिरासत में लिया। उन्हें सचिवालय थाना ले जाया गया, जहां कुछ समय बाद उन्हें छोड़ दिया जाएगा। सूत्रों के अनुसार, राजद का एक प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल सैयद अता हसनैन से मिलने जाएगा और अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपेगा। सभी प्रदर्शनकारियों को लोकभवन तक जाने की अनुमति नहीं दी गई।


