तेलंगाना में महिला अधिकारी के ठिकाने पर करोड़ों की संपत्ति का खुलासा
महिला अधिकारी के खिलाफ एसीबी की कार्रवाई
हैदराबाद: तेलंगाना में आमतौर पर पुरुष अधिकारियों के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामलों में कार्रवाई होती रही है, लेकिन इस बार एक महिला अधिकारी के पास मिले बेहिसाब धन ने सबको चौंका दिया है। एंटी-करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने शमीरपेट की निलंबित तहसीलदार टी. सुचरिता के ठिकानों पर आय से अधिक संपत्ति के मामले में व्यापक छापेमारी की। सुचरिता पहले से ही रिश्वतखोरी के एक मामले में जांच एजेंसियों की हिरासत में हैं, और उनकी संपत्तियों की जांच के लिए यह कार्रवाई की गई है।
महंगी संपत्तियों का जखीरा बरामद
आलीशान फ्लैट, लग्जरी कारें और करोड़ों के आभूषण बरामद
एसीबी की इस छापेमारी के दौरान अधिकारियों को अचल संपत्तियों के साथ-साथ नकद, महंगी गाड़ियों और आभूषणों का बड़ा भंडार मिला। जांच टीम ने सिद्दीपेट जिले के दमरकुंटा गांव में 2.17 एकड़ कृषि भूमि, हैदराबाद में तीन आलीशान फ्लैट और कीसारा व खानमेट गांवों में दो प्लॉट के महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं। इसके अलावा, महिला अधिकारी के ठिकानों से 12 लाख रुपये नकद, लगभग 38 लाख रुपये का बैंक बैलेंस और करीब 1.20 करोड़ रुपये के सोने और हीरे के आभूषण भी बरामद हुए हैं। साथ ही, एक फॉक्सवैगन और एक हुंडई क्रेटा कार भी जब्त की गई है।
संपत्तियों का मूल्यांकन
कागजों में कीमत 5 करोड़, मार्केट वैल्यू उड़ा देगी होश
जांच एजेंसी के अधिकारियों के अनुसार, अब तक की कार्रवाई में बरामद संपत्तियों की कुल कीमत 5 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। हालांकि, एसीबी ने स्पष्ट किया है कि यह मूल्यांकन केवल दस्तावेजों में दर्ज सरकारी कीमत पर आधारित है। वर्तमान बाजार दर के अनुसार, इन संपत्तियों की असली कीमत इस दस्तावेजी मूल्य से कहीं अधिक हो सकती है। फिलहाल, एसीबी की टीम इस काली कमाई के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
