थाईलैंड में स्कूल फायरिंग: छात्र ने दादा-दादी की हत्या के बाद 6 लोगों की जान ली
खुद को भी मारी गोली, मौत
बैंकॉक: थाईलैंड के एक स्कूल में शुक्रवार को 14 वर्षीय छात्र ने गोलीबारी की, जिसमें 3 शिक्षक और 3 छात्र सहित कुल 6 लोगों की जान चली गई। इस घटना में 15 अन्य लोग घायल हुए हैं। छात्र ने खुद को भी गोली मार ली, और अस्पताल ले जाते समय उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस के अनुसार, यह घटना बैंकॉक के पास स्थित डेबसिरिन नोंथाबुरी स्कूल में हुई।
दादा-दादी की हत्या से शुरू हुआ मामला
छात्र ने स्कूल पहुंचने से पहले अपने दादा-दादी की हत्या कर दी थी, जिनके शव बाद में घर से बरामद हुए। फायरिंग में इस्तेमाल की गई 9 एमएम पिस्टल छात्र के दादा की थी, जो एक शिक्षक थे। पुलिस इस हमले के कारणों की जांच कर रही है।
30 जिंदा कारतूस बरामद
पुलिस ने बताया कि छात्र ने पहले अपनी कक्षा में गोलीबारी की और फिर बाहर भी फायरिंग की। उसने 20 से अधिक गोलियां चलाईं। आत्महत्या के बाद उसके पास से 30 जिंदा कारतूस भी मिले।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही गोलियों की आवाज आई, छात्र और अन्य छात्र जान बचाने के लिए क्लासरूम में छिप गए। कुछ समय बाद पुलिस ने दरवाजा खटखटाकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई।
पढ़ाई के दबाव में था छात्र
प्रधानमंत्री ने बताया कि हमलावर छात्र पढ़ाई के कारण मानसिक तनाव में था। उसके करीबी दोस्तों ने पुलिस को बताया कि वह पिछले कुछ समय से पढ़ाई के दबाव के बारे में बात कर रहा था। छात्र अपने दादा-दादी के साथ रहता था, और उसकी दादी एक शिक्षिका थीं, जो पढ़ाई को लेकर काफी सख्त थीं।
इस दबाव के कारण उसने पहले अपने दादा-दादी को गोली मारी।
वीडियो गेम का शौक
डिप्टी होम मिनिस्टर पोलापी सुवानचावी ने बताया कि पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि छात्र वीडियो गेम खेलने का शौकीन था। यह संभावना भी जांची जा रही है कि शायद उसे गेम में कोई टास्क मिला हो, जिसके बाद उसने यह कदम उठाया।
