Newzfatafatlogo

दण्डकारण्य: रामराज्य की प्रयोगशाला का ऐतिहासिक सफर

दण्डकारण्य, जिसे राम के वनवास की कथा से जोड़ा जाता है, केवल एक वन नहीं है, बल्कि यह भारत के हृदय का ऐतिहासिक प्रतीक है। वाल्मीकि द्वारा वर्णित इस क्षेत्र का भूगोल, सांस्कृतिक संघर्ष और आध्यात्मिक यात्रा का गहरा महत्व है। जानें कैसे राम ने इस श्रापित वन को पुनः पवित्र किया और यह क्षेत्र आज भी अपनी ऐतिहासिक पहचान को बनाए हुए है।
 | 

दण्डकारण्य का ऐतिहासिक महत्व

दण्डकारण्य : राम के वनवास को हम एक कथा के रूप में जानते हैं, लेकिन वाल्मीकि इसे भूगोल के रूप में प्रस्तुत करते हैं। नदी के नाम, पर्वतों की दिशा, और आश्रमों के बीच की दूरी - सब कुछ वर्णित है। यदि हम इसे केवल भक्ति के दृष्टिकोण से नहीं, बल्कि प्रमाणिकता के साथ पढ़ें, तो दण्डकारण्य केवल एक वन नहीं, बल्कि भारत के हृदय का इतिहास बन जाता है।
यह कथा कोई कल्पना नहीं है, बल्कि वाल्मीकि रामायण के उत्तरकाण्ड, सर्ग 79 से 82 में विस्तार से वर्णित है।
श्लोक है:
राजा दण्ड इति ख्यातः इक्ष्वाकु कुल-नन्दनः।
विन्ध्य-शैवलयोर्मध्ये राज्यं प्राप्यव्यजायत।।


शुक्राचार्य का श्राप

सप्तरात्रेण ते राज्यं भस्मीभूतं भविष्यति।
स-राजा स-बलः स-वाहनः योजनानां शतं समन्तात्।।

इसका अर्थ है कि सात रातों में तुम्हारा राज्य सौ योजन तक भस्म होकर वन बन जाएगा। सौ योजन का मतलब लगभग 400 मील या 1200 किलोमीटर का क्षेत्र है, जो आज के दण्डकारण्य के विस्तार से मेल खाता है।


राम का मार्ग

अरण्यकाण्ड में राम का मार्ग:
चित्रकूट – अत्रि आश्रम – शरभंग आश्रम -सुतीक्ष्ण आश्रम -अगस्त्य आश्रम और अंत में पंचवटी। यह क्रम आज के मानचित्र पर भी सटीक बैठता है।
आधुनिक संदर्भ में, 1870 के Central Provinces Gazetteer में इस पूरे पठारी वन क्षेत्र को 'Dandak Forest Tract - approx 19,000 sq miles' कहा गया है। 19,000 वर्ग मील, यानी लगभग 31,000 वर्ग किलोमीटर।
भारतीय भू-सर्वेक्षण के अनुसार, इस क्षेत्र की मिट्टी को 'Dandakaranya Formation' कहा जाता है, जिसमें लौह-अयस्क से भरी बैलाडिला की पहाड़ियाँ, बस्तर का पठार और गोदावरी बेसिन शामिल हैं।


गोदावरी का महत्व

यह वह भूमि है जहाँ नर्मदा और गोदावरी दोनों के उद्गम हैं। वाल्मीकि बार-बार लिखते हैं, 'गोदावरी तट पर पंचवटी'। आज भी पंचवटी नासिक में गोदावरी के तट पर स्थित है। स्थान नहीं बदला।


राक्षसों की सांस्कृतिक पहचान

राक्षसों के सांस्कृतिक और पुरातात्विक प्रमाण:
यहाँ सबसे बड़ा भ्रम है। अमरकोश में 'राक्षस' का अर्थ है 'रक्षा का भंग करने वाला'। अरण्यकाण्ड, सर्ग 9 में ऋषि राम से कहते हैं:

रक्षांसि भक्षयन्ति स्म तपस्विनः।
उत्सादयन्ति यज्ञान् च।

वे तपस्वियों को नहीं खाते, बल्कि यज्ञ को नष्ट करते थे। यज्ञ उस समय की कृषि, विज्ञान और सामूहिक जीवन-पद्धति का प्रतीक था। छत्तीसगढ़ के बस्तर में आज भी कई जनजातियों में 'राक्षस' शब्द कुल-नाम के रूप में मिलता है।


पंचवटी का जीवंत प्रमाण

पंचवटी का जीवंत प्रमाण:
नासिक में आज भी पाँच वट-वृक्षों का वह स्थान है जिसे वाल्मीकि ने कहा था - 'पंचवट्यां वटैः पंचभिः'। अगस्त्य ऋषि ने राम को कहा था, 'गोदावरी के उत्तर में दो कोस पर पाँच वटों का समूह है, वहीं रहो।' आज भी वहाँ से गोदावरी दो कोस (लगभग 6 किमी) पर ही है। सीता-गुफा, तपोवन, रामकुंड - ये नाम पर्यटन विभाग ने नहीं, बल्कि सैकड़ों वर्षों से लोक-श्रुति ने बचाए हैं।


वनवास का अर्थ

वनवास का अर्थ:
इसलिए दण्डकारण्य को केवल वन कहना छोटा करना है। यह तीन यात्राओं का संगम था:
पहली भौगोलिक यात्रा है जो अयोध्या की राजसत्ता से भारत के आदिवासी हृदय तक पहुंच रही है। दूसरी सांस्कृतिक यात्रा है जो यज्ञ-संस्कृति और वन-संस्कृति के संघर्ष से समन्वय तक जाती है। तीसरी आध्यात्मिक यात्रा है जो राजा राम से मर्यादा पुरुषोत्तम राम बनने तक चलती है।
राम ने उस श्रापित वन को, जो एक राजा के काम के कारण उजड़ा था, अपने त्याग से फिर से पवित्र कर दिया। आज जब हमारा देश फिर से अनेक दण्डों के अहंकार से दण्डकारण्य बन रहा है, तो हमें फिर से उसी राम की आवश्यकता है जो वन में जाकर भी सभ्यता को बचाए। वन राम को नहीं बनाता, राम वन को बनाते हैं।


लेखक की पहचान

(आचार्य संजय तिवारी)
(लेखक वरिष्ठ पत्रकार, भारत संस्कृति न्यास के संस्थापक और संस्कृति पर्व पत्रिका के संपादक हैं)