दिल्ली-NCR में दिवाली के बाद प्रदूषण की स्थिति गंभीर
दिल्ली में प्रदूषण का हाल
दिल्ली-NCR में दिवाली की रात आतिशबाजी के बाद आज सुबह धुंध और प्रदूषण की एक मोटी परत देखने को मिली। सोमवार की सुबह कई क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता खतरनाक स्तर तक पहुंच गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार सुबह 6 बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 366 दर्ज किया गया। इस दौरान राजधानी के 15 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर AQI 400 से ऊपर चला गया।
नोएडा और गाजियाबाद में भी प्रदूषण बढ़ा
दिल्ली के आसपास के क्षेत्रों जैसे नोएडा और गाजियाबाद में भी प्रदूषण का स्तर बढ़ गया है। राजधानी दिल्ली और इसके आस-पास के इलाकों में स्मॉग की मोटी चादर के कारण लोगों को सांस लेना मुश्किल हो रहा है। प्रदूषण नियंत्रण के लिए दिल्ली-NCR में 'ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान' (GRAP) का तीसरा चरण लागू किया गया है।
दिल्ली में AQI की स्थिति
CPCB के अनुसार, ITO स्थित एयर क्वालिटी स्टेशन पर सुबह लगभग 4:20 बजे AQI 406 दर्ज किया गया, जो 'गंभीर' श्रेणी में आता है। राजधानी के कई अन्य प्रमुख क्षेत्रों में भी हवा की गुणवत्ता 'बहुत खराब' बनी रही। रात 1:30 बजे राजीव चौक पर AQI 381 दर्ज किया गया, जबकि सुबह 4:00 बजे साउथ एक्सटेंशन के आसपास AQI 360 रहा।
- सोनिया विहार: 449 - 463 (सबसे गंभीर)
- बुराड़ी क्रॉसिंग: 445
- विवेक विहार: 441
- जहांगीरपुरी: 439
- नॉर्थ कैंपस: 437
- चांदनी चौक: 418
- आईटीओ (ITO): 404
- आया नगर: 378
- बुराड़ी: 373
- द्वारका सेक्टर-8: 361
- आईआईटी दिल्ली (IIT Delhi): 361
- अशोक विहार: 312
- आईजीआई एयरपोर्ट (T3): 297
दिवाली के बाद हवा की गुणवत्ता में गिरावट
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, दिवाली की शाम 7:45 बजे 39 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर औसत PM2.5 स्तर 190 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर था। रात 8 बजे यह बढ़कर 259 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर के आसपास पहुंच गया। यह स्पष्ट है कि पटाखों के धुएं ने पहले से ही प्रदूषित हवा की स्थिति को और खराब कर दिया।
GRAP-3 का कार्यान्वयन
बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने 6 नवंबर से दिल्ली-NCR में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के तीसरे चरण को लागू किया। GRAP-3 लागू होने के बाद निर्माण और तोड़फोड़ से जुड़ी गतिविधियों पर प्रतिबंध, प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर सख्ती और धूल नियंत्रण के उपायों के नियम लागू किए गए। आयोग ने पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में वृद्धि पर भी चिंता व्यक्त की।
