दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का स्तर बढ़ा, कई क्षेत्रों में AQI 300 के पार
दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण की स्थिति
गाजियाबाद: दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण एक बार फिर से बढ़ने लगा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद के कई क्षेत्रों में हवा की गुणवत्ता खराब से बेहद खराब श्रेणी में है। कई स्थानों पर एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 300 के पार पहुंच गया है। हल्की ठंड के आगमन के साथ ही प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ रहा है। आने वाले दिनों में दिल्ली-एनसीआर में AQI में और वृद्धि की संभावना है।
दिल्ली में भी वायु प्रदूषण से राहत नहीं मिल रही है। यहां का एयर क्वालिटी इंडेक्स 230 दर्ज किया गया है। विभिन्न निगरानी केंद्रों पर प्रदूषण का स्तर काफी अधिक है। जहांगीरपुरी में AQI 310, पूसा में 318, चांदनी चौक में 302, पंजाबी बाग में 304 और आरके पुरम में 300 दर्ज किया गया है। इसके अलावा, दिल्ली के अधिकांश क्षेत्रों का AQI 200 के पार है, जो खराब श्रेणी में आता है।
गाजियाबाद का AQI 222 दर्ज किया गया है। हालांकि, विभिन्न निगरानी केंद्रों के आंकड़ों में काफी भिन्नता देखी जा रही है। लोनी में AQI 250, इंदिरापुरम में 258, संजय नगर में 255, वेव सिटी में 273 और वेद विहार लोनी में 213 दर्ज किया गया है। पिछले दिन की तुलना में आज गाजियाबाद में प्रदूषण स्तर में काफी वृद्धि हुई है।
ग्रेटर नोएडा में AQI 315 तक पहुंचा
ग्रेटर नोएडा में भी प्रदूषण का स्तर चिंताजनक बना हुआ है। यहां का AQI 248 दर्ज किया गया है, जबकि नॉलेज पार्क 5 में AQI 315 तक पहुंच गया है। नॉलेज पार्क 3 में 181 दर्ज किया गया है। नोएडा शहर का AQI 203 है। सेक्टर 62 में 296 दर्ज किया गया है, जबकि सेक्टर 125 और सेक्टर 116 में AQI 170 रहा। आंकड़े स्पष्ट करते हैं कि ग्रेटर नोएडा के कुछ क्षेत्रों में प्रदूषण का दबाव अधिक है।
प्रदूषित हवा में लंबे समय तक रहने से सांस लेने में कठिनाई, खांसी और आंखों में जलन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। प्रदूषण के बढ़ने पर खुले में व्यायाम करने से भी बचना चाहिए।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, 201 से 300 के बीच AQI होने पर हवा खराब श्रेणी में आती है, जिससे लंबे समय तक संपर्क में रहने पर लोगों को सांस लेने में कठिनाई हो सकती है। वहीं, 301 से 400 के बीच AQI बेहद खराब श्रेणी में माना जाता है, जिससे लंबे समय तक रहने से सांस संबंधित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। 400 से अधिक AQI गंभीर श्रेणी में आता है, जो स्वस्थ लोगों को भी प्रभावित कर सकता है और पहले से बीमार लोगों की समस्याओं को बढ़ा सकता है.
