दिल्ली के ऐतिहासिक टाउन हॉल का होगा कायाकल्प, बनेगा ग्लोबल हेरिटेज सेंटर
ग्लोबल हेरिटेज सेंटर के रूप में होगा विकास
नई दिल्ली - दिल्ली सरकार ने चांदनी चौक में स्थित ऐतिहासिक टाउन हॉल के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की उपस्थिति में, दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (डीटीटीडीसी) और दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के बीच एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के तहत, ऐतिहासिक टाउन हॉल, प्रेस बिल्डिंग और पार्क का संरक्षण करते हुए इन्हें एक ‘ग्लोबल हेरिटेज सेंटर’ के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के दृष्टिकोण के अनुरूप है, जो दिल्ली की ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करते हुए पर्यटन और विकास की नई संभावनाओं से जोड़ने का प्रयास है।
विरासत को सुरक्षित रखते हुए होगा आधुनिक उपयोग
इस परियोजना का उद्देश्य ऐतिहासिक भवन की मूल पहचान को सुरक्षित रखते हुए उसका अनुकूली पुन: उपयोग करना है। इसका मतलब है कि भवन को उसकी ऐतिहासिक और स्थापत्य पहचान के अनुरूप संरक्षित किया जाएगा, जबकि इसे वर्तमान समय की पर्यटन और सांस्कृतिक आवश्यकताओं के लिए उपयोगी बनाया जाएगा। प्रस्तावित ग्लोबल हेरिटेज सेंटर में संग्रहालय, सांस्कृतिक गतिविधियों और पर्यटन से जुड़ी सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इससे पुरानी दिल्ली आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को एक नया प्रमुख आकर्षण मिलेगा, जहां वे दिल्ली के इतिहास, विरासत और संस्कृति का अनुभव कर सकेंगे।
डीटीटीडीसी व निगम अधिकारी करेंगे नियमित समीक्षा
इस एमओयू के तहत, डीटीटीडीसी को परियोजना के लिए सर्वेक्षण, भवन का संरचनात्मक मूल्यांकन और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है। इसके बाद, परियोजना को सार्वजनिक निवेश या पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल के माध्यम से विकसित करने का विकल्प तय किया जाएगा। परियोजना की प्रगति की नियमित समीक्षा के लिए एक संयुक्त कार्य समूह भी बनाया जाएगा। एमओयू की प्रारंभिक अवधि 30 वर्ष है, जिसे आपसी सहमति से 30 वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है।
पुरानी दिल्ली की विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने का प्रयास: सीएम रेखा गुप्ता
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि चांदनी चौक का ऐतिहासिक टाउन हॉल केवल एक भवन नहीं, बल्कि दिल्ली के समृद्ध इतिहास और विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। दिल्ली सरकार का प्रयास है कि इसकी ऐतिहासिक पहचान को सुरक्षित रखते हुए इसे आधुनिक पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ा जाए।
विरासत पर्यटन को मिलेगा नया आयाम: पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा
दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि चांदनी चौक की ऐतिहासिक विरासत दिल्ली की पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। टाउन हॉल, प्रेस बिल्डिंग और पार्क को ग्लोबल हेरिटेज सेंटर के रूप में विकसित करने से इस क्षेत्र में विरासत पर्यटन को नया आयाम मिलेगा।
