दिल्ली के करोल बाग में दिनदहाड़े चोरी, 2 करोड़ रुपये के गहने चुराए गए
दिल्ली में बड़ी चोरी की घटना
नई दिल्ली: करोल बाग क्षेत्र में चोरों ने एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने एक कारोबारी की कार का शीशा तोड़कर 2 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के गहने चुरा लिए और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
पीड़ित कन्हैया लाल, जो एसकेजी कुंदन क्राफ्ट्स के मालिक हैं, 18 अगस्त को अपने बेटे ध्रुव सोनी और एक कर्मचारी के साथ दिल्ली आए थे। वे ज्वेलरी कारोबार की मार्केटिंग के लिए आए थे और उनके पास तीन बैकपैक और एक सूटकेस था। बैग में सोने और हीरे के गहने, एक लैपटॉप और आधार कार्ड रखा हुआ था, जबकि सूटकेस में कपड़े थे।
19 अगस्त को, कन्हैया लाल ने ग्रेटर कैलाश-एम ब्लॉक मार्केट में कई ज्वेलर्स से मुलाकात की। इसके बाद, लगभग शाम 4 बजे, वे करोल बाग पहुंचे और आर्य समाज रोड पर केनरा बैंक के सामने अपनी कार खड़ी की। कन्हैया लाल और उनके साथी पास के बीकानेरवाला रेस्टोरेंट में खाना खाने चले गए।
जब वे लगभग शाम 7:15 बजे लौटे, तो उन्होंने देखा कि कार का पिछला शीशा टूटा हुआ था और अंदर रखे तीनों बैग और सूटकेस गायब थे। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के माध्यम से आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
इसके अलावा, नोएडा के सेक्टर-25 में एक गैराज से करीब डेढ़ करोड़ रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने हाल ही में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी रजनीगंधा चौराहे से फिल्मसिटी की ओर जाते समय पकड़े गए। पुलिस ने उनके कब्जे से 1 करोड़ 48 लाख रुपये की नकदी भी बरामद की है।
जांच में यह भी पता चला है कि मुख्य आरोपी अवनीश कुमार अपने साथियों के साथ मिलकर सीए फर्म के माध्यम से लोगों से निवेश के नाम पर पैसे जुटाने का काम करता था। आरोपियों ने शिकायतकर्ता से आशीष के माध्यम से निवेशक उपलब्ध कराने के नाम पर बड़ी रकम ली थी।
