Newzfatafatlogo

दिल्ली के बुनियादी ढांचे के लिए 1,647 करोड़ रुपये का केंद्रीय प्रोत्साहन

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की है कि केंद्र सरकार ने राजधानी के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए 1,647 करोड़ रुपये का प्रोत्साहन दिया है। इस निर्णय से 28 महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी मिली है, जिसमें मेट्रो, एलिवेटेड कॉरिडोर और ईवी चार्जिंग स्टेशन शामिल हैं। यह कदम दिल्ली के विकास को नई गति देगा और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करेगा। जानें इस योजना के तहत और क्या-क्या शामिल है और इसका दिल्लीवासियों पर क्या प्रभाव पड़ेगा।
 | 

दिल्ली में आधारभूत ढांचे को मिलेगी नई गति

मेट्रो, बारापुला एलिवेटेड कॉरिडोर, करावल नगर फ्लाईओवर और ईवी चार्जिंग स्टेशनों सहित अनेक परियोजनाओं को मिलेगा नया बल


दिल्ली सरकार के प्रयासों को देखते हुए केंद्र ने 756 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय प्रोत्साहन भी किया स्वीकृत: सीएम रेखा गुप्ता


केन्द्र के सहयोग से दिल्ली के आधारभूत ढांचे को मिलेगी नई गति, ‘विकसित भारत’ के विजन को मिलेगी मजबूती: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता


नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि केंद्र सरकार ने राजधानी के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इस निर्णय के तहत पूंजीगत निवेश के लिए राज्यों को विशेष सहायता योजना के अंतर्गत दिल्ली सरकार की 28 प्रमुख परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं की कुल लागत 1,647 करोड़ रुपये है। इसके अतिरिक्त, केंद्र सरकार ने दिल्ली सरकार के पूंजीगत निवेश प्रयासों को देखते हुए 756 करोड़ रुपये का अतिरिक्त प्रोत्साहन भी स्वीकृत किया है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निर्णय दिल्ली के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा। इससे राजधानी में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि जिन परियोजनाओं को मंजूरी मिली है, उनमें दिल्ली मेट्रो से संबंधित परियोजनाएं, एलिवेटेड बारापुला कॉरिडोर, करावल नगर फ्लाईओवर, डीटीसी डिपो में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन और अन्य महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना परियोजनाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से परिवहन और सड़क अवसंरचना को मजबूती मिलेगी और सार्वजनिक सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा।


मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि एसएएससीआई केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है, जिसके तहत राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को आधारभूत संरचना परियोजनाओं के लिए ब्याज-मुक्त वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाती है। यह योजना केवल वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्यों में रणनीतिक सुधारों को बढ़ावा देने और पूंजीगत निवेश बढ़ाने के लिए वित्तीय प्रोत्साहन भी प्रदान करती है। यही कारण है कि यह योजना राज्यों में आधारभूत ढांचे के विकास को गति देने का एक प्रभावी माध्यम बनकर उभरी है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने शुरू से ही इस योजना को प्राथमिकता दी और केंद्र सरकार से लगातार आग्रह किया कि दिल्ली की आधारभूत ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं को भी एसएएससीआई योजना के तहत स्वीकृति प्रदान की जाए। इसके परिणामस्वरूप 9 जुलाई 2026 को दिल्ली सरकार की सभी 28 परियोजनाओं को मंजूरी मिल गई। यह स्वीकृति इस बात का प्रमाण है कि केंद्र सरकार को दिल्ली सरकार की सुधारों के प्रति प्रतिबद्धता, वित्तीय अनुशासन और विकास परियोजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने की क्षमता पर पूरा विश्वास है। वहीं, दिल्ली द्वारा अपने स्वयं के संसाधनों से पूंजीगत निवेश में उल्लेखनीय वृद्धि करने के कारण केंद्र सरकार ने 756 करोड़ रुपये का अतिरिक्त प्रोत्साहन भी प्रदान किया है, जो दिल्ली सरकार के विकासोन्मुखी प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इन सभी परियोजनाओं के शीघ्र और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए वित्त विभाग को सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है ताकि निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ें और दिल्लीवासियों को इनका लाभ जल्द से जल्द मिल सके।


मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के विकास के प्रति केंद्र सरकार का यह सहयोग माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के ‘विकसित भारत’ के विजन की भावना का सशक्त उदाहरण है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व व केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के सहयोग से केंद्र सरकार लगातार राज्यों की आधारभूत संरचना को मजबूत करने, पूंजीगत निवेश को बढ़ावा देने और विकास को गति देने के लिए प्रभावी कदम उठा रही है। दिल्ली को मिली यह स्वीकृति और अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि इस बात का प्रमाण है कि विकास की स्पष्ट सोच, पारदर्शी कार्यप्रणाली और बेहतर वित्तीय प्रबंधन के साथ कार्य करने वाली सरकारों को केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिलता है।