दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने युवक को थप्पड़ मारने के मामले में दी सफाई
प्रवेश वर्मा का वीडियो बयान
दिल्ली के लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा ने एक वीडियो जारी कर युवक को थप्पड़ मारने के मामले में अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि युवक ने उनके परिवार को अपशब्द कहे, जिसके बाद उन्होंने यह कदम उठाया। वर्मा ने आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह पर कमीशन मांगने का आरोप लगाया और बताया कि एक इंजीनियर ने इस मामले में पुलिस को शिकायत दी है। एफआईआर दर्ज की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि आम आदमी पार्टी सरकारी कार्यों में बाधा डालती है या संपत्ति को नुकसान पहुंचाती है, तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विधायक पर गंभीर आरोप
एक वीडियो संदेश में वर्मा ने कहा, 'आम आदमी पार्टी द्वारा चलाए जा रहे वीडियो के पीछे की सच्चाई जानिए। विकासपुरी रिंग रोड पर पिछले कुछ दिनों से सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। विधायक जरनैल सिंह ने पीडब्लूडी के इंजीनियरों से कहा कि उन्हें ठेकेदार से मिलवाएं और कमीशन दिलवाएं। यह बात वे काफी समय से कह रहे थे।'
कमीशन न मिलने पर वीडियो बनाने का आरोप
प्रवेश वर्मा ने आगे कहा, 'हमारे इंजीनियर ने पुलिस स्टेशन जाकर शिकायत दर्ज कराई है। हम उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवा रहे हैं। जब उन्हें कोई कमीशन नहीं मिला, तो वे रात को सड़क का काम खत्म होते ही सुबह उसे उखाड़ने का प्रयास करते थे। यह पूरा भ्रष्टाचार हो रहा है और इसका वीडियो बनाकर साझा किया जा रहा था।'
सड़क निर्माण से आम आदमी पार्टी असंतुष्ट: वर्मा
उन्होंने बताया, 'जब मैं उस सड़क से गुजर रहा था, तो मैंने इंजीनियर से कहा कि मैं सभी कार्यों का निरीक्षण करना चाहता हूं। जब मैं वहां रुका और काम देखा, तो यह बहुत अच्छा चल रहा था। वहां के निवासियों ने बताया कि पिछले 15 सालों से यह सड़क नहीं बनी थी। अब इसे बनाया जा रहा है, शायद इसी वजह से आम आदमी पार्टी दुखी है कि दिल्ली में सभी सड़कें बनाई जा रही हैं।'
परिवार को गाली देने का आरोप
प्रवेश वर्मा ने कहा, 'मैंने खुद विधायक जरनैल सिंह को तीन बार फोन किया और 45 मिनट तक उनका इंतजार किया। मैंने अपने कार्यकर्ताओं को भी नहीं बुलाया। जब जरनैल सिंह वहां पहुंचे, तो उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को पहले से ही सूचित कर रखा था। आते ही उन्होंने बदतमीजी शुरू कर दी। उनके एक कार्यकर्ता ने मेरे परिवार को गाली देना शुरू किया, जिसके बाद कोई भी व्यक्ति आवेश में आकर जो करता, मैंने भी वही किया।'
