दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत ढही, कई लोग फंसे होने की आशंका
दिल्ली में इमारत ढहने की घटना
नई दिल्ली- रविवार को दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम जिले के सत्य निकेतन क्षेत्र में एक इमारत अचानक गिर गई। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है। मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। राहत और बचाव कार्य के लिए दमकल और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं।
दिल्ली अग्निशमन सेवा को दोपहर लगभग 1:30 बजे इमारत के गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां और बचावकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और मलबे में फंसे लोगों की खोजबीन शुरू कर दी। पुलिस और अन्य आपातकालीन सेवाएं भी मौके पर तैनात हैं।
प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, ढही हुई इमारत तीन मंजिला थी और वहां एक पीजी संचालित होने की जानकारी मिली है। एक घायल व्यक्ति को मलबे से बाहर निकाला गया है, लेकिन अभी तक किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई है। यह स्पष्ट नहीं है कि इमारत के गिरने का कारण क्या था और उस समय कितने लोग वहां मौजूद थे। बचाव कार्य जारी है और अधिकारियों द्वारा विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
