दिल्ली नगर निगम के उपचुनाव में वोटिंग शुरू, 12 वार्डों पर चुनावी मुकाबला
दिल्ली नगर निगम उपचुनाव की वोटिंग प्रक्रिया
दिल्ली नगर निगम उपचुनाव: आज सुबह 7:30 बजे से दिल्ली के 12 वार्डों में उपचुनाव के लिए मतदान शुरू हो गया है। इस चुनाव में 143 मतदान केंद्रों पर 580 बूथों पर मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर रहे हैं। सभी मतदान केंद्रों पर शाम 5:30 बजे तक वोटिंग जारी रहेगी, जिसके बाद 51 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में बंद हो जाएगी। उपचुनाव के परिणाम 3 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे।
मतदान के बाद, पटपड़गंज से भाजपा विधायक रविंदर सिंह नेगी ने कहा, "मैंने विनोद नगर के विकास के लिए वोट दिया है। मुझे विश्वास है कि हम अच्छे अंतर से जीतेंगे... लोग विकास और कार्यों को पसंद कर रहे हैं। हम सभी 12 सीटें जीतेंगे।" इस चुनाव में आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है। भाजपा ने 8, आप ने 6, और कांग्रेस ने 5 महिला उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है।
उपचुनाव ग्रेटर कैलाश, शालीमार बाग बी, अशोक विहार, चांदनी चौक, चांदनी महल, डिचाओं कलां, नारैना, संगम विहार ए, दक्षिण पुरी, मुंडका, विनोद नगर और द्वारका बी वार्डों में हो रहे हैं। इनमें से 11 सीटें पार्षदों के विधायक बनने के बाद खाली हुई थीं, जबकि द्वारका बी सीट 2024 में पूर्व पार्षद कमलजीत सहरावत के लोकसभा चुनाव जीतने के बाद खाली हुई थी।
