दिल्ली पुलिस ने बुलंदशहर से गिरफ्तार किया स्वतंत्र भारद्वाज, छात्रा के पिता के साथ मारपीट का मामला
स्वतंत्र भारद्वाज की गिरफ्तारी
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान छात्रा नीशु आजाद के पिता के साथ मारपीट करने वाले आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को बुलंदशहर से गिरफ्तार किया है। पुलिस को उसके बुलंदशहर में होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद एक विशेष टीम ने उसे पकड़ने के लिए योजना बनाई और सादे कपड़ों में वहां पहुंचकर उसे पकड़ लिया। इससे पहले यह जानकारी मिली थी कि स्वतंत्र भारद्वाज मौके से भाग गया था, और वह हेलमेट पहनकर बाइक से फरार हो गया था।
डर के साए में जी रही थी छात्रा
नीशु आजाद के पिता के साथ मारपीट के मामले में पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन के बाहर शुक्रवार को काफी हलचल रही। इस मामले में पीड़िता नीशु आजाद, उनके पिता संजय आजाद, आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आजाद, सीजेपी प्रवक्ता सौरव दास, आशुतोष रांका और वकील ऋषभ रंजन ने मीडिया से बातचीत की और पुलिस से हुई चर्चा की जानकारी साझा की।
सीजेपी की कार्यकर्ता नीशु आजाद ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से आरोपी के समर्थक उन्हें गालियां दे रहे थे और रेप की धमकियां दे रहे थे। उन्होंने कहा, "मैंने उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई है। अब जब मैंने शिकायत की है, तो मुझे उम्मीद है कि पुलिस उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी।"
नीशु ने कहा कि इन धमकियों ने उनके जीवन पर गहरा प्रभाव डाला है। उन्होंने बताया कि इस तरह की गालियों और धमकियों के कारण उन्हें घर से बाहर निकलने में शर्म महसूस होती थी। इस घटना के चलते वह दो-तीन हफ्ते कॉलेज नहीं गईं। अब जब वह जाती हैं, तो उन्हें लगता है कि लोग उन्हें जज कर रहे हैं, जो बहुत बुरा लगता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पुलिस अब उचित कार्रवाई करेगी।
