दिल्ली में 12वीं की छात्रा ने आत्मदाह किया, सुसाइड नोट बरामद
दिल्ली में आत्महत्या की घटना
नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के एक सरकारी विद्यालय में 12वीं कक्षा की एक छात्रा ने आत्मदाह कर लिया है। जानकारी के अनुसार, छात्रा स्कूल में एक बोतल में केमिकल या पेट्रोल लेकर आई थी। उसकी मृत्यु हो गई है और उसके पास से तीन पन्नों का सुसाइड नोट भी मिला है। परिवार के अनुसार, छात्रा की उम्र 17 वर्ष थी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, कृष्णानगर स्थित स्कूल से आग लगने की सूचना पीसीआर को मिली थी। सूचना मिलते ही थाना कृष्णानगर की पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। जांच के दौरान, स्कूल के गार्ड रूम के पीछे एक 17 वर्षीय छात्रा झुलसी हुई अवस्था में पाई गई। पुलिस ने स्थिति का आकलन करते हुए उच्च अधिकारियों को सूचित किया।
क्राइम टीम ने शुरू की जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम को तुरंत बुलाया गया। फॉरेंसिक और क्राइम टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक सबूत जुटाए। इसके अलावा, मृतका का स्कूल बैग और घटनास्थल से अन्य सामग्री भी बरामद की गई है, जिन्हें पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस घटना के पीछे के कारणों और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
