Newzfatafatlogo

दिल्ली में 14 जून को यमुना स्वच्छता अभियान का आयोजन

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में 14 जून को यमुना नदी के 28 घाटों पर 'मां यमुना तट स्वच्छता अभियान' का आयोजन किया जाएगा। यह अभियान यमुना के संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से है। हजारों नागरिक, सामाजिक और धार्मिक संगठन इस महाअभियान में भाग लेंगे। मुख्यमंत्री गीता कॉलोनी घाट पर उपस्थित रहकर अभियान का नेतृत्व करेंगी। यह कार्यक्रम केवल एक दिन का नहीं, बल्कि एक सतत जन-अभियान है, जिसमें सभी नागरिकों की सहभागिता आवश्यक है।
 | 
दिल्ली में 14 जून को यमुना स्वच्छता अभियान का आयोजन

यमुना के घाटों पर स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान

‘एक संकल्प - स्वच्छ यमुना’ के संदेश के साथ यमुना के प्रमुख घाटों, तटों और रिवरफ्रंट स्थलों पर एक साथ चलेगा स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान


मुख्यमंत्री गीता कॉलोनी घाट पर करेंगी अभियान का नेतृत्व, सांसद, केंद्रीय राज्य मंत्री, सरकार के मंत्री व गणमान्यजन भी विभिन्न स्थलों पर भागीदारी करेंगे


अभियान में हजारों दिल्लीवासी, सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक और स्वयंसेवी संगठनों के साथ स्वयंसेवक भी करेंगे श्रमदान


नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार 14 जून को यमुना नदी के 28 घाटों पर ‘मां यमुना तट स्वच्छता अभियान’ का आयोजन करेगी। ‘एक संकल्प - स्वच्छ यमुना’ के संदेश के साथ यह महाअभियान यमुना नदी को उसका गौरव लौटाने, नदी तटों को स्वच्छ बनाने, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और जनभागीदारी को एक व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होगा। इस अभियान में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता स्वयं ठोकर नंबर-14 गीता कॉलोनी घाट पर उपस्थित रहकर स्वच्छता अभियान का नेतृत्व करेंगी और हजारों नागरिकों के साथ श्रमदान कर स्वच्छ, निर्मल और जीवनदायिनी यमुना के संकल्प को मजबूत करेंगी। इस अभियान में दिल्ली के सांसद, सरकार के मंत्री व अन्य गणमान्यजन भी भागीदारी करेंगे।


यमुना को जनभागीदारी से स्वच्छ बनाने का संकल्प


यह विशेष अभियान यमुना के घाटों पर सुबह 6 बजे से आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यमुना केवल नदी नहीं, बल्कि दिल्ली की सांस्कृतिक, धार्मिक और पर्यावरणीय धरोहर है। यमुना का संरक्षण और उसकी स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व भी है। इसी सोच को जन-जन तक पहुंचाने और सामूहिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह अभियान आयोजित किया जा रहा है। यमुना की स्वच्छता केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक सतत जन-अभियान है, जिसमें समाज के हर वर्ग की सहभागिता आवश्यक है।


यमुना के 28 घाटों और तटों पर एक साथ चलेगा अभियान


मुख्यमंत्री के अनुसार 14 जून को यमुना के विभिन्न घाटों, तटों और रिवरफ्रंट क्षेत्रों में एक साथ स्वच्छता एवं जन-जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी। अभियान के अंतर्गत चिल्ला गांव घाट, निजामुद्दीन घाट, ठोकर नंबर-14 गीता कॉलोनी घाट, ठोकर नंबर-18 गांधी नगर घाट, पुराना लोहे पुल घाट, सिग्नेचर ब्रिज-वजीराबाद घाट (पूर्वी तट), डेढ़ पुश्ता घाट (सोनिया विहार), चौथा पुश्ता घाट (सोनिया विहार), कर्तव्य कुंज घाट (वेस्ट बैंक), आईटीओ ओल्ड रेलवे ब्रिज स्थित हाथी घाट, रामघाट, काली घाट, श्याम घाट, यमुना बैंक, यमुनेश्वर घाट, वजीराबाद यमुना बायोडायवर्सिटी पार्क (दायां किनारा), रेलवे ब्रिज यमुना बैंक, आईटीओ डाउनस्ट्रीम वेस्टर्न बैंक-1, आईटीओ डाउनस्ट्रीम वेस्टर्न बैंक-2, आईटीओ अपस्ट्रीम राइट बैंक, सराय काले खां आर/बी, ठोकर नंबर-13, कुंडेरिया घाट, निगम बोध घाट, ईस्टर्न बैंक डाउनस्ट्रीम वजीराबाद और कालिंदी कुंज डाउनस्ट्रीम (ईस्टर्न बैंक) सहित अनेक प्रमुख स्थलों पर एक साथ स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।


सांसद, सरकार के मंत्री व अन्य जनप्रतिनिधि भी विभिन्न घाटों पर करेंगे नेतृत्व


इस महाअभियान में लगभग 500 सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक और स्वयंसेवी संगठनों के साथ हजारों स्वयंसेवक व दिल्लीवासी भाग लेंगे। अभियान को व्यापक जनसमर्थन और जनभागीदारी का स्वरूप देने के लिए विभिन्न स्थलों पर दिल्ली के सांसद व कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहेंगे। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ठोकर नंबर-14 गीता कॉलोनी घाट पर उपस्थित रहेंगी। केंद्रीय राज्य मंत्री श्री हर्ष मल्होत्रा यमुना बैंक पर इस अभियान में भागीदारी करेंगे। इसके अलावा दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष श्री विजेन्द्र गुप्ता ओल्ड रेलवे ब्रिज डाउनस्ट्रीम पूर्वी तट पर, विधानसभा के उपाध्यक्ष श्री मोहन सिंह बिष्ट डेढ़ पुश्ता सोनिया विहार में उपस्थित रहेंगे। दिल्ली सरकार के जल मंत्री श्री प्रवेश साहिब सिंह आईटीओ डाउनस्ट्रीम पश्चिमी तट स्थित हाथी घाट पर, पर्यावरण मंत्री सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा ठोकर नंबर-13, समाज कल्याण मंत्री श्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह सिग्नेचर ब्रिज के नीचे पश्चिमी तट पर, विकास व पर्यटन मंत्री श्री कपिल मिश्रा जीरो पुश्ता श्रीराधा कृष्ण घाट और स्वास्थ्य मंत्री श्री पंकज कुमार सिंह ओल्ड रेलवे ब्रिज अपस्ट्रीम पूर्वी तट पर इस अभियान का नेतृत्व करेंगे।


स्वच्छता के साथ यमुना संरक्षण का भी संदेश


अभियान के दौरान नागरिकों को यमुना संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए यह संकल्प दिलाया जाएगा कि वे पूजा सामग्री, फूल-माला एवं मूर्तियों को नदी में प्रवाहित नहीं करेंगे, पॉलीथीन एवं सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करेंगे, पुराने कपड़े, कचरा एवं अन्य कचरा यमुना में नहीं फेंकेंगे, नदी तटों को स्वच्छ रखेंगे और अन्य लोगों को भी यमुना स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगे। अभियान का उद्देश्य केवल कचरा हटाना नहीं, बल्कि यमुना संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप देना है।


प्रधानमंत्री जी के स्वच्छ भारत विजन से प्रेरित है अभियान


मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में देशभर में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नदी पुनर्जीवन और जनभागीदारी आधारित विकास को नई दिशा मिली है। प्रधानमंत्री जी के ‘स्वच्छ भारत’ के संकल्प और प्रकृति संरक्षण के विजन से प्रेरित होकर दिल्ली सरकार यमुना के पुनरोद्धार को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए प्रतिबद्ध है। यमुना की स्वच्छता केवल पर्यावरण का विषय नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। इसी भावना के अनुरूप दिल्ली सरकार समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर यमुना को स्वच्छ, निर्मल और अविरल बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।


‘मेरी यमुना, मेरा कर्तव्य’ अभियान की सफलता से मिली प्रेरणा


मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष भी ‘मेरी यमुना, मेरा कर्तव्य’ अभियान के माध्यम से यमुना और उसके घाटों को स्वच्छ बनाने का व्यापक प्रयास किया गया था। उस अभियान में हजारों स्वयंसेवकों ने भाग लिया था और 12 टन से अधिक वेस्ट एकत्र कर उसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया गया था। अभियान को मिले उत्साहजनक जनसमर्थन ने यह सिद्ध किया कि जब सरकार और समाज मिलकर कार्य करते हैं तो बड़े सकारात्मक परिवर्तन संभव होते हैं। इसी अनुभव को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष का अभियान और अधिक व्यापक स्वरूप में आयोजित किया जा रहा है.