दिल्ली में 17 वर्षीय लड़की की हत्या: दरिंदगी का मामला सामने आया
दिल्ली में खौफनाक हत्या की घटना
दिल्ली क्राइम समाचार: दिल्ली के स्वरूप नगर क्षेत्र में एक गंभीर और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक 17 वर्षीय लड़की के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और फिर उसे चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को खेत में फेंक दिया गया, जहां आवारा कुत्तों ने शव को नोंच लिया। यह मामला तब सुर्खियों में आया जब 13 सितंबर को स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने कुशक रोड के पास खेतों से एक शव बरामद किया। शव की स्थिति इतनी खराब थी कि उसकी पहचान करना भी मुश्किल हो गया था। पुलिस ने इस मामले में एक वयस्क और तीन नाबालिगों सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, शव खुले में पड़ा होने के कारण आवारा कुत्तों ने कई हिस्सों को नोंच लिया था और मृतका का एक हाथ शरीर से अलग हो चुका था। प्रारंभिक मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई और मृतका के शरीर पर कई गंभीर जख्म पाए गए। जांच में पता चला कि पीड़िता और आरोपी एक-दूसरे को पहले से जानते थे। मृतका एक परिचित से मिलने गई थी, जिसके बाद उसे एक टेम्पो में ले जाया गया, जहां आरोपियों ने उसके साथ शराब पी और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। जब पीड़िता ने इसकी शिकायत पुलिस में करने की धमकी दी, तो आरोपियों ने मिलकर उस पर चाकू से वार किया और उसकी हत्या कर दी।
इसके बाद आरोपियों ने शव को पत्तों और मिट्टी के नीचे छिपाने की कोशिश की और मौके से भाग गए। मृतका के परिवार को लगा कि वह घर से बाहर गई है, इसलिए कोई गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई थी। इस मामले की जांच के लिए दिल्ली पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और जमीनी स्तर पर व्यापक छानबीन शुरू की। घटनास्थल के आसपास और रास्तों पर लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई। अंधेरे के कारण वाहन का नंबर स्पष्ट नहीं दिख रहा था, लेकिन पुलिस ने कई कैमरों की मदद से संदिग्ध टेम्पो की आवाजाही को ट्रैक किया।
स्वरूप नगर की खड्डा कॉलोनी में एक रात चले तलाशी अभियान के बाद पुलिस ने टेम्पो और उसके ड्राइवर तक पहुंच बनाई। ड्राइवर से पूछताछ के बाद अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी मिली। पुलिस ने मुख्य वयस्क आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ शामिल तीन अन्य आरोपी 16 और 17 वर्ष के नाबालिग हैं। पुलिस ने इस मामले में वारदात में इस्तेमाल किए गए दो चाकू, आरोपियों के खून से सने कपड़े और टेम्पो को भी बरामद कर लिया है।
