दिल्ली में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का योगदान और सम्मान
बच्चों और महिलाओं तक सरकारी सेवाएं पहुंचाने में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण, उनके योगदान को सम्मान देना हमारी जिम्मेदारी: सीएम रेखा गुप्ता
दिल्ली की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में होंगे विशेष सम्मान कार्यक्रम, 25 हजार निमंत्रण पत्र भेजे जा रहे हैं
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर शुरू किए गए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत, दिल्ली सरकार आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के योगदान को मान्यता देने के लिए ‘आंगन का मिलन’ नामक एक विशेष कार्यक्रम आयोजित करने जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर बच्चों, महिलाओं और परिवारों तक सरकारी सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके समर्पण और योगदान को सम्मान देना सरकार की प्राथमिकता है। इसके साथ ही, दिल्ली सरकार आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि पर भी विचार कर रही है ताकि उनके योगदान को उचित महत्व दिया जा सके।
मुख्यमंत्री ने बताया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिए दिल्ली की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम 23 सितंबर से आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, लाभार्थियों, बच्चों, महिलाओं, अभिभावकों और स्थानीय समुदाय की भागीदारी होगी। इस पहल के लिए लगभग 25 हजार निमंत्रण पत्र भेजे जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग इस कार्यक्रम में शामिल हो सकें। हर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 500 लोगों की भागीदारी की योजना है, जिसमें विधायक, लाभार्थी, बच्चे, गर्भवती महिलाएं, माता-पिता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और अन्य संबंधित हितधारक शामिल होंगे। कार्यक्रम में प्रतिभागियों को पोषण शपथ भी दिलाई जाएगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान के लिए 2,500 रुपये के सामान वाली विशेष सम्मान किट भी तैयार की गई है। इस किट में बैग, यूनिफॉर्म, इंसुलेटेड पानी की बोतल, कैप, प्राथमिक उपचार पाउच और छाता शामिल हैं। विधानसभा स्तर के कार्यक्रमों के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा यह किट आंगनवाड़ी से जुड़े अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं को प्रदान की जाएगी। यह सम्मान किट आंगनवाड़ी सेवाओं को लोगों तक पहुंचाने और समुदाय से जुड़ाव को मजबूत करने में कार्यकर्ताओं के योगदान के प्रति सम्मान और सराहना का प्रतीक होगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित किए जा रहे इन कार्यक्रमों को 9वें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 से भी जोड़ा गया है। महिला एवं बाल विकास विभाग केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित ‘सक्षम आंगनवाड़ी एवं पोषण’ योजना के तहत 17 सितंबर 2026 से 17 अक्टूबर 2026 तक राष्ट्रीय पोषण माह मनाया जा रहा है। इस वर्ष की थीम ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ है। इसका उद्देश्य पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना, समुदाय की भागीदारी को मजबूत करना और आंगनवाड़ी सेवाओं के प्रति लोगों में जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान और पोषण के प्रति जनजागरूकता, दोनों का उद्देश्य लोगों को सेवा और जिम्मेदारी से जोड़ना है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता इस पूरी व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके योगदान को सम्मान देना, उनके काम को पहचान देना और उनके मानदेय में बढ़ोतरी की संभावनाओं पर विचार करना इसी प्रतिबद्धता का हिस्सा है। हमारा प्रयास है कि सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने वाले हमारे जमीनी कार्यकर्ताओं को भी सम्मान और सहयोग मिले।
