दिल्ली में कांग्रेस नेताओं के खिलाफ तीन FIR, प्रदर्शन के दौरान हिंसा का आरोप
दिल्ली में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन
दिल्ली: कांग्रेस ने एसआईआर में अनियमितताओं और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। नई दिल्ली क्षेत्र में हुए इस प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ झगड़ा, सरकारी कार्य में बाधा डालने और बदसलूकी के आरोप में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस की कार्रवाई और FIRs
दिल्ली पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक तीन FIR दर्ज की जा चुकी हैं। प्रदर्शन के दौरान भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 (निषेधाज्ञा) के उल्लंघन के आरोप में राहुल और प्रियंका गांधी के खिलाफ पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन में दो अलग-अलग FIR और कनॉट प्लेस थाने में एक FIR दर्ज की गई है.
हर FIR मेरे सीने पर एक मेडल है।
अभी 45 हैं, मेरा लक्ष्य 100 है – तब भी संविधान की रक्षा के लिए लड़ते रहेंगे। pic.twitter.com/ZxwHkKHtkm
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) October 7, 2026
पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सुरक्षा घेरा तोड़ने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ बहस, धक्का-मुक्की और अभद्रता की घटनाएं हुईं। पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए धारा 163 लागू की थी, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने निर्देशों का उल्लंघन किया और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की.
राहुल गांधी की प्रतिक्रिया
राहुल गांधी ने अपने और अन्य नेताओं के खिलाफ दर्ज FIR पर प्रतिक्रिया देते हुए सोशल मीडिया (X) पर कहा कि “हर FIR मेरे सीने पर एक मेडल है। अभी 45 हैं, मेरा लक्ष्य 100 है। तब भी संविधान की रक्षा के लिए लड़ते रहेंगे।” उन्होंने मीडिया को दिए गए बयानों में कहा कि सरकार उन्हें और विपक्ष की आवाज को डराने के लिए FIR दर्ज करवा रही है, लेकिन वे इस तरह के कदमों से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा.
राजनीतिक सरगर्मियां
दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई के बाद राजधानी में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस पार्टी ने इसे केंद्र सरकार की प्रतिशोध की राजनीति करार दिया है। वहीं, पुलिस और प्रशासन का कहना है कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और घटना के CCTV फुटेज और वीडियो साक्ष्यों की जांच कर रही है.
