Newzfatafatlogo

दिल्ली में दीपावली से पहले सफाई और रोशनी व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दीपावली से पहले स्वच्छता और रोशनी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान राजधानी को साफ-सुथरा और व्यवस्थित रखना आवश्यक है। सभी संबंधित विभागों को फील्ड में जाकर काम करने और नियमित सफाई सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। इसके साथ ही, अनधिकृत पोस्टर लगाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जानें और क्या निर्देश दिए गए हैं।
 | 

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

पोस्टर लगाने वालों के खिलाफ एफआईआर के निर्देश, सड़कों से कूड़ा-मलबा हटाने और रोजाना सफाई अभियान चलाने पर जोर


दीपावली से पहले सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों और स्कूलों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाएं विभाग: सीएम रेखा गुप्ता


नई दिल्ली: त्योहारों के समय दिल्ली को साफ, रोशन और व्यवस्थित रखने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को दिल्ली सचिवालय में हुई उच्चस्तरीय बैठक में, मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इस दौरान राजधानी के किसी भी सार्वजनिक स्थान पर गंदगी या अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के प्रमुखों को फील्ड में जाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने और दीपावली से पहले सफाई कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।


मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की स्वच्छता और सुंदरता सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए अधिकारियों को केवल बैठकों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन्हें जमीन पर उतरकर काम करना होगा। उन्होंने निर्देश दिया कि सड़कों, चौराहों, फ्लाईओवरों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। जहां भी कूड़ा या गंदगी है, उसे तुरंत हटाया जाए।


*त्योहारों पर दिल्ली की चमक और स्वच्छता से कोई समझौता नहीं


मुख्यमंत्री ने कहा कि त्योहार खुशियों और आपसी सद्भाव का प्रतीक हैं। इस समय दिल्ली का हर क्षेत्र साफ और व्यवस्थित होना चाहिए। हमारी जिम्मेदारी है कि लोग अपने घरों से लेकर सार्वजनिक स्थलों तक स्वच्छता का अनुभव करें। सभी विभागों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करना होगा। जहां भी कमी हो, उसे तुरंत दूर किया जाए।


*फील्ड में उतरें अधिकारी, स्टाफ की कमी दूर करेगी सरकार


मुख्यमंत्री ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड विजिट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वास्तविक स्थिति का आकलन मौके पर जाकर ही किया जा सकता है। अधिकारियों को सफाई व्यवस्था, सड़कों की स्थिति और सार्वजनिक सुविधाओं का निरीक्षण करना होगा। जहां कमियां हों, वहां संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर समाधान सुनिश्चित किया जाए।


*पोस्टरबाजी पर सख्ती, दोषियों के खिलाफ होगी कानूनी कार्रवाई


मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक संपत्तियों पर अनधिकृत पोस्टर लगाने की समस्या पर नाराजगी जताते हुए निर्देश दिए कि ऐसे पोस्टरों को तुरंत हटाया जाए। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


*दीपावली से पहले सरकारी परिसरों में चलाएं विशेष सफाई अभियान


मुख्यमंत्री ने सभी सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों और स्कूलों में दीपावली से पहले विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कचरे और अव्यवस्था को हटाया जाए और सभी विभाग समयसीमा में काम पूरा करें।


*पार्क, सार्वजनिक शौचालय और डार्क स्पॉट पर विशेष ध्यान


मुख्यमंत्री ने पार्कों और सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को अंधेरे स्थानों की पहचान कर वहां रोशनी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। सभी संबंधित निकायों को आपसी समन्वय से काम करना होगा।