दिल्ली में पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर बुलडोजर कार्रवाई
पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर की गई कार्रवाई
नई दिल्ली। बुधवार की रात, दिल्ली के चाणक्यपुरी में पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर बुलडोजर से कार्रवाई की गई। इस दौरान हाई कमीशन की निर्धारित सीमा से बाहर बने कुछ अस्थायी और अवैध ढांचों को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान बैरिकेड, फेंसिंग और वीजा सेक्शन के पास लोगों की कतार के लिए बनाए गए ढांचे भी हटाए गए।
कार्रवाई के बाद की तस्वीरों में टूटे गेट, रेलिंग, लोहे के फ्रेम और छत की चादरें दिखाई दीं। जमीन पर ईंट और कंक्रीट का मलबा बिखरा हुआ था। बाहरी हिस्से में लगी सफेद मेटल फेंसिंग और कुछ कॉरुगेटेड रूफिंग को भी हटा दिया गया।
मुख्य इमारत और गेट सुरक्षित रहे
इस कार्रवाई का असर हाई कमीशन की मुख्य इमारत पर नहीं पड़ा। मेन गेट, सफेद बाहरी दीवारें और पाकिस्तानी निशान वाला मुख्य प्रवेश द्वार पहले की तरह सुरक्षित रहे। वीजा सेक्शन के बाहर बने ढांचे हटने के बाद वहां मौजूद सर्विस काउंटर साफ दिखाई देने लगे। इन पर ‘विंडो-1’, ‘पाकिस्तान पासपोर्ट ऑनली’ और ‘विंडो-5/कलेक्शन ऑफ वीजा एप्लीकेंट्स’ जैसे बोर्ड लगे हुए थे। काउंटरों के आसपास टूटे हुए फेंसिंग के हिस्से और निर्माण सामग्री पड़ी थी।
इस्लामाबाद की कार्रवाई के बाद दिल्ली में एक्शन
दिल्ली में यह कार्रवाई उस समय हुई जब दो दिन पहले इस्लामाबाद में भारतीय हाई कमीशन के बाहर सुरक्षा बैरिकेड और पार्किंग पोल हटाए गए थे। दोनों घटनाओं के बीच समानता को लेकर चर्चा हो रही है।
कश्मीर मुद्दे पर तनाव बढ़ा
भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के बीच कश्मीर पर अमेरिकी राजदूत की टिप्पणी ने भी स्थिति को और गरमा दिया है। अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने 19 अगस्त को श्रीनगर दौरे के दौरान जम्मू-कश्मीर को भारत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया था। उन्होंने यह भी कहा था कि अमेरिका क्षेत्र को लेकर अपनी ट्रैवल एडवाइजरी की समीक्षा कर सकता है।
सर्जियो गोर की टिप्पणी पर पाकिस्तान ने आपत्ति जताई। इसके बाद इस्लामाबाद में अमेरिकी चार्ज डी’अफेयर्स नताली बेकर को तलब किया गया। पाकिस्तान ने कहा कि सार्वजनिक बयानों में कश्मीर की स्थिति को ध्यान में रखा जाना चाहिए।
