दिल्ली में मेडिकल खरीद घोटाले में बड़ी कार्रवाई, पूर्व DGHS गिरफ्तार
दिल्ली सरकार की एंटी करप्शन ब्रांच की कार्रवाई
नई दिल्ली: दिल्ली सरकार की एंटी करप्शन ब्रांच (ACB) ने करोड़ों रुपये के एक कथित मेडिकल खरीद घोटाले में महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए पूर्व डायरेक्टर जनरल ऑफ हेल्थ सर्विसेज (DGHS) डॉ. वत्सला अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। ACB ने उन्हें गुरुवार को हिरासत में लिया। इस मामले में डिप्टी कंट्रोलर ऑफ अकाउंट्स नीरज चोपड़ा को भी गिरफ्तार किया गया है।
इससे पहले, ACB ने इसी मामले में डॉ. विनोद कुमार रंगा को भी गिरफ्तार किया था। उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई, जिसके आधार पर जांच को आगे बढ़ाया गया। जांच में यह सामने आया है कि यह मामला दवाइयों, सर्जिकल सामान और मेडिकल उपकरणों की खरीद में वित्तीय अनियमितताओं से संबंधित है। आरोप है कि सेंट्रल प्रोक्योरमेंट एजेंसी (CPA) के माध्यम से कई सौ करोड़ रुपये की खरीद प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां की गईं। CPA, डायरेक्टर जनरल ऑफ हेल्थ सर्विसेज (DGHS) के अधीन कार्य करती है।
ACB इस पूरे मामले में वित्तीय लेन-देन, खरीद प्रक्रिया में अपनाई गई कार्यप्रणाली और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की गहन जांच कर रही है। जांच एजेंसी यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कथित अनियमितताओं से किसे और कितना आर्थिक लाभ पहुंचा है।
