दिल्ली सरकार का झुग्गीवासियों के लिए विकास का नया कदम
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का शालीमार बाग दौरा
- दिल्ली सरकार झुग्गीवासियों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता
- सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली लक्ष्मी योजना शिविर में महिलाओं से किया संवाद, पात्र लाभार्थियों के आवेदन पत्रों पर किए हस्ताक्षर
नई दिल्ली - दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने गुरुवार को शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र में जीपी सेवा बस्ती में एक नए सामुदायिक शौचालय का उद्घाटन किया। इस शौचालय का निर्माण लगभग 21 लाख रुपये की लागत से किया गया है, जो स्थानीय निवासियों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित स्वच्छता सुविधाएं प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि शालीमार बाग की झुग्गी बस्ती में आयोजित जनसभा में किए गए विकास और जनकल्याण के वादे अब साकार हो रहे हैं।
सीएम ने बताया कि पिछले एक वर्ष में क्षेत्र में कई विकास परियोजनाएं पूरी की गई हैं, जिनमें वॉटर एटीएम, अटल कैंटीन, नई पानी की पाइपलाइन, सीसीटीवी कैमरे, स्ट्रीट लाइट्स, नालियों का निर्माण और सामुदायिक शौचालय शामिल हैं। इसके अलावा, 50 अतिरिक्त शौचालय सीटों का निर्माण भी चल रहा है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार झुग्गीवासियों के जीवन स्तर को सुधारने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में गरीब कल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता है, और इसी दिशा में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। दिल्ली सरकार नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
दिल्ली लक्ष्मी योजना शिविर का निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने शालीमार बाग में ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ शिविर का निरीक्षण भी किया। उन्होंने वहां उपस्थित महिलाओं से योजना के पंजीकरण की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। महिलाओं ने योजना के प्रति उत्साह व्यक्त किया और कहा कि यह पहल उनके आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र महिलाओं के आवेदन सरल और पारदर्शी तरीके से पूर्ण किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने शालीमार बाग की विधायक के रूप में योजना के लिए आवेदन करने वाली महिलाओं के आवेदन पत्रों का परीक्षण किया और आवश्यक सत्यापन के बाद उन पर हस्ताक्षर किए। उन्होंने कहा कि यह उनका दायित्व है कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय पर मिले।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि महिलाओं को आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता प्रदान करने का संकल्प है। स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
