दिल्ली सरकार ने सिंगल विंडो सिस्टम की सेवाओं में तेजी लाने के लिए उठाए कदम
डिजिटल गवर्नेंस के तहत सेवाओं की समीक्षा
डिरेगुलेशन एक्सरसाइज-फेज II के अंतर्गत 18 विभागों की 95 प्रमुख सेवाओं की व्यापक समीक्षा की गई है।
सरकार का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को तेज, पारदर्शी और प्रभावी बनाना है: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता
नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य नागरिकों और व्यवसायों को सरकारी सेवाएं अधिक तेज, सरल और पारदर्शी तरीके से प्रदान करना है। इस दिशा में, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग ने डिरेगुलेशन एक्सरसाइज-फेज II के तहत प्राथमिकता क्षेत्र-21 पर एक गहन अध्ययन किया है। इस अध्ययन का मुख्य उद्देश्य यह जानना था कि सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से सेवाओं के लिए आवेदन से लेकर कार्य पूरा होने तक कितना समय लगता है और इसे कैसे कम किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अध्ययन में 18 विभागों को शामिल किया गया और सिंगल विंडो सिस्टम पर उपलब्ध 95 प्रमुख सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। सिंगल विंडो सिस्टम एक ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां नागरिक और व्यवसाय विभिन्न लाइसेंस, परमिट, अनुमोदन और क्लीयरेंस के लिए एक ही स्थान पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि अध्ययन के परिणामस्वरूप कई महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं में सुधार किए गए हैं। इसके फलस्वरूप, सिंगल विंडो सिस्टम पर उपलब्ध 84 सेवाओं के आवेदन के निपटारे का समय कम कर दिया गया है। इसके अलावा, कुछ सेवाएं अब तुरंत उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य दिल्ली में व्यापार को सरल बनाना, सरकारी सेवाओं को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाना और नागरिकों तथा व्यवसायों के लिए सरकारी प्रक्रियाओं को आसान बनाना है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का सूचना प्रौद्योगिकी विभाग डिजिटल तकनीक और बेहतर कार्यप्रणाली के माध्यम से नागरिकों तक तेज, सरल और नागरिक-केंद्रित सरकारी सेवाएं पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
