नए छठ गीत से जुड़ी बिहार की सांस्कृतिक धरोहर
छठ महापर्व का नया गीत
छठ महापर्व की भक्ति और बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को समर्पित एक नया छठ गीत हाल ही में लॉन्च किया गया है। इस गीत को गायिका पल्लवी सिन्हा ने अपनी मधुर आवाज में गाया है, जिसमें छठी मइया और भगवान सूर्य की आराधना को संगीतमय तरीके से प्रस्तुत किया गया है। इस गीत को लेकर छठ व्रतियों और भोजपुरी संगीत प्रेमियों में खासा उत्साह है।
इस गीत का निर्माण साईं विनायक के. फिल्म्स के बैनर तले किया गया है, जिसका निर्देशन कुंदन सिंह ने किया है। गीत के बोल धीरज कुमार ने लिखे हैं, और संगीत रोमी मुखर्जी ने तैयार किया है। छायांकन रंजन उपाध्याय ने किया है, जबकि संपादन धनशील कुमार ने किया है।
निर्देशक कुंदन सिंह ने बताया कि छठ महापर्व बिहार की लोक संस्कृति और आस्था का प्रतीक है। इस गीत के माध्यम से उन्होंने छठ की पवित्रता और श्रद्धा को खूबसूरती से दर्शाने का प्रयास किया है। उनका उद्देश्य है कि गीत के दृश्य और संगीत दर्शकों को छठ के पारंपरिक माहौल से जोड़ सकें।
उन्होंने यह भी कहा कि इस फिल्म में बिहार पुलिस के त्याग और कर्तव्यनिष्ठा को भी दर्शाया गया है। एक दृश्य में पुलिस के जवानों को त्योहार के दौरान अपने परिवार से दूर रहकर कर्तव्य निभाते हुए दिखाया गया है, जो दर्शकों को भावुक करने के साथ-साथ पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान का भाव भी जगाता है।
गायिका पल्लवी सिन्हा ने कहा कि उनके लिए छठ गीत गाना एक विशेष भावनात्मक अनुभव है। यह महापर्व हमारी संस्कृति और आस्था से गहराई से जुड़ा हुआ है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि उनकी आवाज में प्रस्तुत यह गीत श्रोताओं को पसंद आएगा और छठी मइया के प्रति श्रद्धा को और मजबूत करेगा।
