नीट-यूजी परीक्षा के लिए एनटीए ने जारी किए नए दिशा-निर्देश
एनटीए ने नीट-यूजी परीक्षा के लिए ड्रेस कोड जारी किया
नई दिल्ली: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने 21 जून को होने वाली नीट-यूजी परीक्षा के लिए सुरक्षा और संचालन को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए सभी मेडिकल कॉलेजों और उच्च शिक्षण संस्थानों को हाई अलर्ट पर रहने के लिए कहा गया है।
इसके अलावा, मेडिकल कॉलेजों को 20 और 21 जून को खुला रखने और छात्रों की छुट्टियों को रद्द करने का निर्देश दिया गया है। केवल विशेष परिस्थितियों में ही छुट्टी दी जाएगी। एनएमसी ने सभी मेडिकल कॉलेजों के डीन और प्राचार्यों को परीक्षा के संबंध में सख्त निर्देश जारी किए हैं।
पगड़ी, मंगलसूत्र, हिजाब या धार्मिक प्रतीक पहनने पर रोक नहीं
एनटीए ने छात्रों के लिए ड्रेस कोड जारी किया है, जिसमें पगड़ी, मंगलसूत्र, हिजाब या अन्य धार्मिक प्रतीकों को पहनने की अनुमति है। छात्रों से अनुरोध किया गया है कि वे परीक्षा केंद्रों पर समय से पहले पहुंचकर जांच करवाएं।
ड्रेस कोड का पालन करना सभी छात्रों के लिए अनिवार्य है। उन्हें हल्के रंग के कपड़े, आधी बाजू के कपड़े, चप्पल या कम ऊँचाई के सैंडल पहनकर आने की सलाह दी गई है।
दो स्तर पर होगी जांच
एनटीए के अधिकारियों के अनुसार, सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा जांच के लिए तैनात कर्मियों को ड्रेस कोड की पूरी सूची भेजी गई है। बड़े बेल्ट, भारी आभूषण, ऊँची हील के सैंडल, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्टवॉच और मोबाइल फोन की अनुमति नहीं होगी।
परीक्षा केंद्र के भीतर सभी छात्रों की सुरक्षा जांच अनिवार्य होगी। जांच दो स्तरों पर की जाएगी: पहली, प्रवेश पत्र और पहचान पत्र के आधार पर, और दूसरी बायोमैट्रिक जांच होगी। इन प्रक्रियाओं के दौरान सीसीटीवी से लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी। एनटीए मुख्यालय के साथ-साथ जिला और राज्य पुलिस भी निगरानी रखेगी।
