नेपाल में हेलिकॉप्टर दुर्घटना: भारतीय पर्यटक की मौत, वीडियो वायरल
नेपाल हेलिकॉप्टर दुर्घटना
नेपाल हेलिकॉप्टर दुर्घटना: माउंट एवरेस्ट क्षेत्र में एक गंभीर विमान हादसे की सूचना मिली है। मंगलवार सुबह नेपाल के सोलुखुम्बु जिले में दो हेलिकॉप्टरों के रोटर ब्लेड आपस में टकरा गए, जिससे दोनों विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गए। इस घटना में एक भारतीय पर्यटक की जान चली गई, जबकि न्यूजीलैंड के एक नागरिक सहित अन्य लोग घायल हुए हैं। दुर्घटना के बाद के वीडियो में दोनों हेलिकॉप्टरों के रोटर ब्लेड टकराते हुए और विमान को गिरते हुए देखा जा सकता है। नेपाल पुलिस और विमानन अधिकारियों ने इस घटना की पुष्टि की है।
फेरीचे हेलीपैड पर हुआ हादसा
यह दुर्घटना मंगलवार सुबह लगभग 8:11 बजे नेपाल के सोलुखुम्बु जिले के खुम्बु पासांग ल्हामू ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड-4 में स्थित फेरीचे हेलीपैड पर हुई। इसमें एयर डायनेस्टी और फिशटेल एयर के हेलिकॉप्टर शामिल थे। दोनों हेलिकॉप्टर माउंट एवरेस्ट क्षेत्र में उड़ान भरने के बाद फेरीचे में लैंडिंग के लिए तैयार हो रहे थे, तभी उनके रोटर ब्लेड आपस में टकरा गए। फेरीचे माउंट एवरेस्ट बेस कैंप के रास्ते में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जहां ट्रेकर्स और पर्वतारोहियों के लिए हेलिकॉप्टरों का उपयोग किया जाता है।
हादसे में भारतीय पर्यटक की मौत
इस दुर्घटना में मृतक की पहचान भारतीय नागरिक वसंत कुमार बलरामारामाडु के रूप में हुई है, जो फिशटेल एयर के हेलिकॉप्टर में सवार थे। इस हादसे में न्यूजीलैंड का एक नागरिक भी घायल हुआ है, साथ ही हेलिकॉप्टर के एक नेपाली पायलट के घायल होने की भी सूचना है। घायलों को उपचार के लिए काठमांडू भेजा गया है। दोनों हेलिकॉप्टर निजी विमानन कंपनियों एयर डायनेस्टी और फिशटेल एयर के थे।
सामने आया हादसे का वीडियो
हेलिकॉप्टर दुर्घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में लैंडिंग के दौरान दोनों हेलिकॉप्टरों के रोटर ब्लेड एक-दूसरे से टकराते हुए दिखाई दे रहे हैं। टक्कर के तुरंत बाद दोनों विमान नीचे गिरते नजर आते हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और घायलों को सुरक्षित निकालकर इलाज के लिए भेजा। नेपाल के जिला पुलिस कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। नेपाल के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (CAAN) की टीम भी इस मामले की जांच कर रही है।
