नैनीताल में लेक ब्रिज निविदा विवाद पर जांच समिति का गठन
जिला प्रशासन ने शुरू की जांच
उत्तराखंड के नैनीताल में करोड़ों रुपये की लेक ब्रिज चुंगी निविदा को लेकर उठे विवाद और जन विरोध को देखते हुए जिला प्रशासन ने मामले की जांच का आदेश दिया है।
जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया गया है, जिसे दो सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि नगर पालिका परिषद, नैनीताल द्वारा की गई निविदा का जनमानस द्वारा विरोध किया जा रहा है। जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष जांच कराने का निर्णय लिया गया है।
जांच समिति में उप जिलाधिकारी, नैनीताल, डॉ. आर.एस. टोलिया (उत्तराखंड प्रशासन अकादमी के उप निदेशक, वित्त) और अधिशासी अभियंता, प्रांतीय खंड, लोक निर्माण विभाग, नैनीताल शामिल हैं।
यह समिति यह तय करेगी कि निविदा प्रक्रिया तकनीकी नियमों के अनुसार संपन्न हुई या नहीं, और क्या नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक वैधानिक रूप से आयोजित की गई थी।
कमेटी अपनी रिपोर्ट दो सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करेगी।
