नोएडा के युवाओं ने वीकेंड पर मटन फूड कार्ट से कमाए 6 लाख रुपये
नोएडा में अनोखा फूड बिजनेस
नई दिल्ली - आमतौर पर कॉर्पोरेट क्षेत्र में काम करने वाले युवा वीकेंड पर आराम करना पसंद करते हैं, लेकिन नोएडा के दो युवाओं ने शनिवार और रविवार को कमाई का अनोखा जरिया बना लिया। 26 वर्षीय ऋषभ कुमार और शशिकांत सिंह, जो सप्ताह के पांच दिन ऑफिस में काम करते हैं, वीकेंड पर मटन का फूड कार्ट लगाते हैं। महज 35 हजार रुपये के शुरुआती निवेश से शुरू किए गए उनके इस कारोबार ने पहले ही महीने में 6 लाख रुपये का कारोबार कर सबको चौंका दिया। खास बात यह है कि लोकप्रियता बढ़ने के बावजूद दोनों दोस्तों ने 5 करोड़ रुपये की वैल्यूएशन पर मिले निवेश प्रस्ताव को ठुकरा दिया।
लाहम: पारंपरिक नमकीन गोश्त
नोएडा के सेक्टर-76 में 'लाहम' नाम से शुरू किए गए इस फूड कार्ट की खासियत इसका पारंपरिक अंदाज में तैयार किया जाने वाला नमकीन गोश्त है। ऋषभ की बहन प्रियंका भी इस कारोबार में अहम भूमिका निभा रही हैं और रसोई की जिम्मेदारी संभालती हैं।
35 हजार रुपये से शुरू किया कारोबार
ऋषभ और शशिकांत पहले बेंगलुरु में एक साथ काम करते थे। इसी साल दोनों नोएडा पहुंचे और नौकरी के साथ अपना कारोबार शुरू करने की योजना बनाई। ऋषभ को फैशन और खानपान दोनों क्षेत्रों में रुचि थी, लेकिन फैशन कारोबार के लिए अधिक पूंजी की जरूरत को देखते हुए उन्होंने फूड बिजनेस का विकल्प चुना।
तीन घंटे में खत्म होता है मटन
'लाहम' के नमकीन गोश्त की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि स्टॉल खुलने के तीन घंटे के भीतर ही पूरा स्टॉक बिक जाता है। कई बार ग्राहकों को टोकन लेकर करीब 45 मिनट तक इंतजार करना पड़ता है।
पेशावर के जायके को मालाबार परांठे के साथ परोसते हैं
'लाहम' अरबी भाषा का शब्द है, जिसका अर्थ गोश्त होता है। ऋषभ का यह व्यंजन पाकिस्तान के पेशावर और खैबर पख्तूनख्वा के लोकप्रिय स्ट्रीट फूड 'लाहम चरसी' से प्रेरित है। इसकी खासियत यह है कि मटन को बहुत कम मसालों के साथ पकाया जाता है, जिससे उसका प्राकृतिक स्वाद बरकरार रहता है।
कई मुश्किलों के बावजूद जारी रखा कारोबार
इस कारोबार को शुरू करना दोनों दोस्तों के लिए आसान नहीं रहा। शुरुआत में वे शशिकांत के किराए के फ्लैट में मटन तैयार करते थे, लेकिन मकान मालिक की आपत्ति के बाद उन्हें क्लाउड किचन का सहारा लेना पड़ा।
5 करोड़ की वैल्यूएशन वाला प्रस्ताव ठुकराया
'लाहम' की बढ़ती लोकप्रियता के बीच एक निवेशक ने कंपनी की 5 करोड़ रुपये की वैल्यूएशन के आधार पर 1 करोड़ रुपये के शेयर खरीदने का प्रस्ताव दिया था। हालांकि, दोनों दोस्तों ने फिलहाल बाहरी निवेश लेने से इनकार कर दिया। उनका मानना है कि वे अपने संसाधनों और कारोबार से होने वाले मुनाफे के दम पर इस ब्रांड को आगे बढ़ाना चाहते हैं।
