नोएडा में पिंक बूथ की स्थापना, महिलाओं को मिलेगी त्वरित पुलिस सहायता
नोएडा में पिंक बूथ का उद्घाटन
नोएडा: महिलाओं की सुरक्षा को बढ़ावा देने और उन्हें सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए गौतम बुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट ने थाना सेक्टर-63 के सी-ब्लॉक में पिंक बूथ की स्थापना की है। मंगलवार को इस बूथ का उद्घाटन डीसीपी महिला सुरक्षा सुनीति और डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने किया। सुनीति सिंह ने बताया कि जिले में अब कुल 31 पिंक बूथ स्थापित हो चुके हैं, जो महिलाओं की सुरक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पिछले तीन वर्षों में स्थापित किए गए हैं।
डीसीपी सुनीति सिंह ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षा संबंधी सहायता प्रदान करना और उनकी शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। पिंक बूथ के माध्यम से महिलाएं अपनी समस्याएं और शिकायतें सुरक्षित माहौल में पुलिस के सामने रख सकेंगी। उन्होंने यह भी बताया कि पिंक बूथ पर महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी, जिससे जरूरत पड़ने पर महिलाओं को आसानी से पुलिस सहायता मिल सकेगी। इसके साथ ही, पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया जाएगा।
उद्घाटन के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बूथ पर तैनात पुलिसकर्मियों को आम जनता के साथ संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने महिला सुरक्षा से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता देने और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही। गौतम बुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा मिशन शक्ति अभियान सहित विभिन्न पहलों के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। पिंक बूथ की शुरुआत को महिला सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
