नोएडा में लेबर कैंप में गैस रिसाव से लगी आग, सभी मजदूर सुरक्षित
नोएडा में आग की घटना
नोएडा: मंगलवार को सेक्टर-126 के रायपुर गांव में स्थित एक लेबर कैंप में गैस रिसाव के कारण भीषण आग लग गई। ग्राउंड प्लस वन (G+1) इमारत में आग लगने से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक रिपोर्टों में यह बताया गया कि कई मजदूर इमारत के अंदर फंसे हो सकते हैं। लेकिन समय पर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
इस आग ने सेक्टर-126 के रायपुर गांव में दहशत का माहौल बना दिया था। जिस इमारत में आग लगी थी, वहां 50 से 60 मजदूर निवास करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग ने पांच फायर टेंडरों को घटनास्थल पर भेजा। दमकलकर्मियों ने कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया और इसके बाद कूलिंग ऑपरेशन शुरू किया, ताकि दोबारा आग भड़कने का खतरा न रहे।
Noida, Uttar Pradesh: Fire broke out at a labour camp in Sector 126, Raipur
(Source : Noida Police) pic.twitter.com/vRSxIfHTZn
— News Media (@news_media) June 23, 2026
घटना के प्रारंभिक चरण में कई मजदूरों के इमारत में फंसे होने की सूचना से प्रशासन और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। राहत की बात यह रही कि आग फैलने से पहले सभी मजदूर सुरक्षित बाहर निकल आए थे और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) प्रदीप कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और संयुक्त अभियान चलाकर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। उन्होंने कहा कि हादसे में किसी के घायल होने या फंसे होने की खबर नहीं है।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण गैस रिसाव (गैस लीकेज) बताया गया है। हालांकि आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
