पंजाब के पूर्व SSP को अपहरण मामले में 7 साल की सजा
पंजाब पुलिस के पूर्व SSP को मिली सजा
चंडीगढ़: मोहाली की विशेष सीबीआई अदालत ने पंजाब पुलिस के पूर्व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) गुरमीत सिंह रंधावा को एक चर्चित अपहरण मामले में दोषी ठहराते हुए 7 साल की कठोर सजा सुनाई है। अदालत ने बुधवार (11 नवंबर) को रंधावा को लुधियाना के एक ट्रांसपोर्टर को उसके साले की शादी से अगवा करने के मामले में दोषी पाया, जिसके बाद आज सजा का ऐलान किया गया। यह फैसला 34 साल की लंबी कानूनी लड़ाई के बाद आया है, जिससे पीड़ित ट्रांसपोर्टर के परिवार को अंततः न्याय मिला है।
डीएसपी रहते हुए की गई थी वारदात
मामले के अनुसार, जब लुधियाना के ट्रांसपोर्टर का अपहरण हुआ, तब गुरमीत सिंह रंधावा पंजाब पुलिस में डीएसपी के पद पर कार्यरत थे। आश्चर्य की बात यह है कि अपहरण के गंभीर मामले के बावजूद रंधावा को विभागीय पदोन्नति मिलती रही और वह एसएसपी के पद तक पहुंच गए। इस मामले ने पुलिस की कार्यप्रणाली और जांच प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए थे।
मुख्य आरोपी की मौत
करीब 35 साल तक चले इस कानूनी संघर्ष में कई महत्वपूर्ण मोड़ आए। जांच में यह सामने आया कि अपहरण की साजिश का मुख्य मास्टरमाइंड उस समय का एसएसपी था, जिसकी सुनवाई के दौरान मृत्यु हो गई। इसके अलावा, ट्रांसपोर्टर को अगवा करने के लिए मौके पर मौजूद तीन अन्य पुलिसकर्मियों की भी ट्रायल के दौरान मौत हो चुकी है। इसके बावजूद, सीबीआई अदालत में मामला जारी रहा और गवाहों तथा पुख्ता सबूतों के आधार पर अदालत ने जीवित मुख्य आरोपी गुरमीत सिंह रंधावा को 7 साल की सजा सुनाकर एक महत्वपूर्ण संदेश दिया है।
