पंजाब पुलिस ने एक दिन में 126 नशा तस्करों को किया गिरफ्तार
पुलिस की कार्रवाई में भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद
Chandigarh Crime News, चंडीगढ़ : पंजाब में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत, पुलिस ने हाल ही में 126 तस्करों को गिरफ्तार किया। इस छापेमारी में पुलिस ने 987 ग्राम हेरोइन, 10 किलोग्राम भुक्की, 1,477 नशीली गोलियां और 3,500 रुपए की ड्रग मनी बरामद की। पिछले 497 दिनों में कुल गिरफ्तार तस्करों की संख्या 73,302 हो गई है। इसके अलावा, पंजाब पुलिस ने 10 व्यक्तियों को नशा मुक्ति और पुनर्वास उपचार के लिए भी प्रेरित किया।
राज्य में 661 स्थानों पर छापेमारी का अभियान
गैंगस्टरों के खिलाफ चल रहे अभियान के 172वें दिन, पंजाब पुलिस ने राज्य भर में 661 चिन्हित ठिकानों पर छापेमारी की। यह अभियान 20 जनवरी, 2026 को पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव द्वारा शुरू किया गया था, जिसका उद्देश्य पंजाब को गैंगस्टर-मुक्त बनाना है। एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स के समन्वय से सभी जिलों की पुलिस टीमें इस विशेष अभियान में शामिल हैं।
एंटी गैंगस्टर हेल्पलाइन पर सूचना देने की अपील
इस अभियान के दौरान, पुलिस ने 417 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जिससे कुल गिरफ्तारियों की संख्या 46,774 हो गई है। इसके अलावा, 348 व्यक्तियों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई। पुलिस ने 13 भगोड़े अपराधियों को भी पकड़ा। नागरिक एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 पर वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के बारे में गोपनीय सूचना दे सकते हैं।
