पंजाब में 153 नए आम आदमी क्लीनिक का उद्घाटन
मुख्यमंत्री भगवंत मान का नया स्वास्थ्य पहल
चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान बुधवार को होशियारपुर में नए आम आदमी क्लीनिक का उद्घाटन करेंगे। आज से राज्य के निवासियों को 153 नए आम आदमी क्लीनिक उपलब्ध होंगे। इन नए क्लीनिकों के साथ, पंजाब में आम आदमी क्लीनिकों की कुल संख्या 1,245 हो जाएगी।
हर क्लीनिक में 107 आवश्यक दवाइयां और 47 डायग्नोस्टिक टेस्ट पूरी तरह से मुफ्त प्रदान किए जाएंगे। सरकार के अनुसार, अब तक इन क्लीनिकों से 6.48 करोड़ ओपीडी और 3.63 करोड़ से अधिक मुफ्त डायग्नोस्टिक टेस्ट का लाभ लोगों को मिल चुका है।
इससे पहले, 25 जुलाई को पंजाब सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों के दरवाजे तक पहुंचाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया था। 25 से 27 जुलाई के बीच, राज्य के विभिन्न हिस्सों में नए आम आदमी क्लीनिक खोले गए थे। इन क्लीनिकों का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री, विधायक और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में किया था।
इन नए क्लीनिकों के उद्घाटन के बाद, पंजाब में आम आदमी क्लीनिकों की कुल संख्या 1,090 हो गई थी। इनमें से 73 क्लीनिक शहरी क्षेत्रों में और 27 ग्रामीण इलाकों में खोले गए थे, जिससे शहरों और गांवों में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
आम आदमी क्लीनिक पंजाब सरकार की प्रमुख स्वास्थ्य योजना है, जिसके तहत गांवों और शहरों में लोगों के निकट क्लीनिक स्थापित किए गए हैं, ताकि हर नागरिक को आसानी से चिकित्सा सेवाएं मिल सकें।
इन क्लीनिकों में बुखार, सर्दी-जुकाम, डायबिटीज, और ब्लड प्रेशर जैसी सामान्य बीमारियों का मुफ्त इलाज किया जाता है। डॉक्टर की सलाह पर आवश्यक दवाइयां निशुल्क प्रदान की जाती हैं। इसके अलावा, शुगर, टाइफाइड, और ब्लड टेस्ट जैसी कई महत्वपूर्ण लैब जांचें भी बिना किसी शुल्क के कराई जाती हैं।
प्रत्येक आम आदमी क्लीनिक में एक एमबीबीएस डॉक्टर (या टेली-कंसल्टेशन की सुविधा), एक फार्मासिस्ट और सहायक स्टाफ मौजूद रहता है, ताकि मरीजों को समय पर और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
