पंजाब में अगले तीन दिनों तक बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने जारी किया सात जुलाई तक का अलर्ट
चंडीगढ़ : मानसून ने पूरे देश में दस्तक दे दी है, लेकिन उत्तरी भारत के मैदानी क्षेत्रों में अभी भी अच्छी बारिश का इंतजार है। बारिश की कमी के कारण खरीफ फसल की रोपाई और बिजाई में देरी हो रही है। भारतीय मौसम विभाग की चंडीगढ़ शाखा ने रविवार से अगले तीन दिनों तक बारिश की संभावना जताई है।
गर्मी और उमस से राहत
मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाएं और बारिश की संभावना बनी रहेगी। कुछ जिलों में भारी बारिश की चेतावनी भी दी गई है। विभाग का कहना है कि यह बारिश लोगों को उमस और गर्मी से राहत प्रदान करेगी।
पंजाब में तापमान
पंजाब के कई जिलों में बारिश की कमी के कारण गर्मी और उमस बढ़ गई है। इस समय राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। मौसम विभाग के अनुसार, अमृतसर में 35.9, लुधियाना में 35.6, पटियाला में 36.4, और गुरदासपुर में 36.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है।
बारिश का अलर्ट
अमृतसर, गुरदासपुर, पठानकोट, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और चंडीगढ़ में पीला अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और कहीं-कहीं तेज वर्षा की संभावना है।
सोमवार को भी मौसम का यही रुख बना रहेगा। पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और चंडीगढ़ में पीला अलर्ट जारी रहेगा।
मौसम का प्रभाव
मंगलवार को मौसम का प्रभाव मुख्य रूप से राज्य के उत्तरी और पूर्वी जिलों में रहेगा। पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, पटियाला और चंडीगढ़ के लिए पीला अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और बारिश की संभावना है।
