पंजाब में आतंकवादी साजिश का भंडाफोड़, जालंधर से संदिग्ध गिरफ्तार
जालंधर में आतंकवादी मॉड्यूल का पर्दाफाश
जालंधर: पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) से जुड़े एक आतंकवादी मॉड्यूल का खुलासा करते हुए एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 1.3 किलोग्राम का एक उच्च क्षमता वाला इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) बरामद हुआ है, जिसमें लोहे के छर्रे और बॉल बेयरिंग भरे हुए थे। पुलिस का मानना है कि इसका उद्देश्य बड़े पैमाने पर जनहानि करना था।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान जालंधर के आदमपुर निवासी सतबीर सिंह के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि वह विदेश में स्थित आईएसआई समर्थित बीकेआई हैंडलरों के निर्देश पर कार्य कर रहा था। समय पर की गई कार्रवाई से राज्य में शांति भंग करने की एक बड़ी आतंकी साजिश को विफल किया गया।
यह कार्रवाई काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर और जालंधर देहात पुलिस के संयुक्त अभियान के तहत की गई। गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया और उसके पास से आईईडी बरामद किया गया। विस्फोटक की क्षमता और उसमें भरे गए श्रैपनेल और बॉल बेयरिंग को देखते हुए जांच एजेंसियों का मानना है कि इसे किसी भीड़भाड़ वाले स्थान पर घातक विस्फोट के लिए तैयार किया गया था।
पुलिस ने इस मामले में जालंधर देहात के थाना पतारा में भारतीय न्याय संहिता, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी से पूछताछ जारी है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि जांच एजेंसियां अब इस आतंकी नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की गहन जांच कर रही हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि विस्फोटक कहां से आया, इसे किस स्थान पर इस्तेमाल किया जाना था, स्थानीय स्तर पर किसने आरोपी की मदद की और विदेश में बैठे किन हैंडलरों ने पूरी साजिश को संचालित किया। पुलिस को उम्मीद है कि जांच से इस पूरे आतंकी नेटवर्क के कई अहम सुराग सामने आएंगे।
