पंजाब में नशा और हथियार तस्करी का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार
पुलिस ने तस्करों के खिलाफ की बड़ी कार्रवाई
डीजीपी ने दी जानकारी
अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने नशा और अवैध हथियारों के खिलाफ एक विशेष अभियान में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने सीमा पार से मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी करने वाले दो बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए पांच व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से सात अवैध पिस्तौल और 2.030 किलो हेरोइन बरामद की गई है।
पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में परगट सिंह उर्फ पग्गा (30), जनबर सिंह (20), बलविंदर सिंह उर्फ बिल्ला (30), अमनदीप सिंह उर्फ अमन (37), और बलविंदर सिंह उर्फ काला (42) शामिल हैं।
बरामद हथियारों की जानकारी
पुलिस ने चार .30 बोर (मेड इन चाइना) और तीन 9एमएम (मेड इन ऑस्ट्रिया) पिस्तौल बरामद की हैं। इसके अलावा, आरोपियों की दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं।
डीजीपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि ये आरोपी विदेश में बैठे तस्करों के संपर्क में थे, जो अवैध हथियारों को अमृतसर और तरन तारन क्षेत्र में सप्लाई करते थे।
पुलिस की कार्रवाई का विवरण
पुलिस आयुक्त हरमनबीर सिंह गिल ने बताया कि पहले मामले में सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए परगट, जनबर और बलविंदर को पांच अवैध पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया गया।
आगे की जांच में परगट और बलविंदर के खुलासे के आधार पर दो और पिस्तौल बरामद की गईं। दूसरे ऑपरेशन में अमनदीप और बलविंदर को गिरफ्तार किया गया, जिनसे 2.03 किलो हेरोइन मिली।
