पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट का महत्वपूर्ण फैसला: 5 साल की सेवा पूरी किए बिना भी मिलेगी ग्रेच्युटी
महत्वपूर्ण निर्णय
चंडीगढ़: पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने निजी क्षेत्र में कार्यरत लाखों कर्मचारियों के लिए एक महत्वपूर्ण निर्णय सुनाया है। अदालत ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी कर्मचारी ने पांच साल की सेवा पूरी नहीं की है, तो भी वह ग्रेच्युटी का हकदार हो सकता है, बशर्ते उसने अपने पांचवें वर्ष में 240 दिन से अधिक काम किया हो। अदालत ने यह भी कहा कि यदि कर्मचारी स्वयं इस्तीफा देता है, तो भी उसका ग्रेच्युटी पाने का कानूनी अधिकार समाप्त नहीं होता है। इस महत्वपूर्ण टिप्पणी के साथ, अदालत ने गुरुग्राम स्थित एमएस टेनॉन फैसिलिटी मैनेजमेंट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की याचिका को खारिज करते हुए कर्मचारी को ग्रेच्युटी भुगतान करने के आदेश में हस्तक्षेप करने से मना कर दिया।
नोटिस पीरियड का विवाद
यह मामला एक महिला कर्मचारी से संबंधित है, जिसे 22 सितंबर 2014 को कंपनी में मानव संसाधन प्रमुख के रूप में नियुक्त किया गया था। महिला ने 2 अप्रैल 2019 को ईमेल के माध्यम से 60 दिन का नोटिस देकर इस्तीफा दिया। कंपनी ने उसी दिन उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया, लेकिन कार्यमुक्ति की तारीख 30 अप्रैल 2019 तय की और शेष नोटिस अवधि के लिए एक महीने का वेतन दिया। इसके बाद 28 मई 2019 को कंपनी ने उन्हें सेवा प्रमाणपत्र और औपचारिक कार्यमुक्ति पत्र जारी किया। महिला कर्मचारी का तर्क था कि नियुक्ति पत्र की शर्तों के अनुसार उनका नोटिस पीरियड 60 दिन का था, इसलिए उनकी सेवा 28 मई तक मानी जानी चाहिए। इसी आधार पर उन्होंने नियंत्रक प्राधिकारी के समक्ष ग्रेच्युटी का दावा पेश किया।
नियंत्रक प्राधिकारी का आदेश
मामले की सुनवाई के बाद, नियंत्रक प्राधिकारी ने 2 अगस्त 2021 को कर्मचारी के पक्ष में फैसला सुनाते हुए कंपनी को 2,88,462 रुपये की मूल ग्रेच्युटी राशि और 63,053 रुपये ब्याज, यानी कुल 3,51,515 रुपये का भुगतान करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही, समय पर राशि न चुकाने की स्थिति में ग्रेच्युटी की रकम पर 10 प्रतिशत वार्षिक की दर से अतिरिक्त ब्याज देने का आदेश भी दिया गया। कंपनी ने इस आदेश के खिलाफ अपील की, जिसे 7 अक्टूबर 2022 को खारिज कर दिया गया। इसके बाद कंपनी ने राहत की उम्मीद में पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
हाई कोर्ट का निर्णय
हाई कोर्ट में सुनवाई के दौरान कंपनी ने दलील दी कि महिला कर्मचारी ने कुल चार साल और 216 दिन काम किया था, और नोटिस अवधि के बदले दिए गए वेतन को वास्तविक सेवा अवधि नहीं माना जा सकता। हालांकि, अदालत ने रिकॉर्ड का अवलोकन करते हुए पाया कि कंपनी के गवाह ने खुद जिरह के दौरान 60 दिन के नोटिस पीरियड की बात स्वीकार की थी। इस आधार पर, हाई कोर्ट ने महिला कर्मचारी की कुल सेवा अवधि चार साल और 249 दिन मानी, जिसमें पांचवें वर्ष के दौरान 240 दिन से अधिक का कार्यकाल शामिल था। ग्रेच्युटी भुगतान अधिनियम की धारा 2-ए (2) का हवाला देते हुए अदालत ने कहा कि निर्धारित दिनों तक काम करने पर इसे निरंतर सेवा माना जा सकता है और इस्तीफा देना कर्मचारी को इस वैधानिक लाभ से वंचित करने का आधार नहीं बन सकता।
