पाकिस्तान द्वारा अफगानिस्तान में हवाई हमले से बढ़ा तनाव
पाकिस्तान का हवाई हमला
पाकिस्तान का हवाई हमला अफगानिस्तान में: अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा पर तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। बीती रात, पाकिस्तानी सेना के लड़ाकू विमानों ने अफगानिस्तान की हवाई सीमा का उल्लंघन किया। यह हमला दोनों देशों के बीच महीनों से चल रहे तनाव के बीच हुआ है। इस हमले में कई नागरिकों की जान गई है, जिनमें अधिकांश बच्चे शामिल हैं, जो पाकिस्तान की क्रूरता को उजागर करता है। पाकिस्तानी सेना ने अफगानिस्तान के सीमावर्ती क्षेत्रों में नागरिकों के घरों को निशाना बनाकर बमबारी की है।
अफगानिस्तान सरकार के प्रवक्ता जबिहुल्लाह मुजाहिद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा की है कि पाकिस्तानी सेना ने फिर से अफगानिस्तान के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया और कुनार, खोस्त और पक्तिका प्रांतों में नागरिकों के घरों पर बमबारी की। इस हमले में 11 बच्चे, 1 महिला और 1 बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हुई है। पाकिस्तान ने अभी तक इन हमलों की जिम्मेदारी नहीं ली है।
घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है। सोशल मीडिया पर इस हमले के बाद की कुछ दिल दहला देने वाली तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें पीड़ित बच्चों की स्थिति को दर्शाया गया है।
अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करजई ने पाकिस्तान के हमलों की कड़ी निंदा की है। उन्होंने पीड़ितों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पाकिस्तान को अपनी गलत नीतियों और शत्रुतापूर्ण कार्यों के परिणामों का सामना करना पड़ रहा है।
