पाकिस्तान ने भारत पर लगाया प्रदूषण का आरोप, लाहौर में स्थिति गंभीर
पाकिस्तान में वायु प्रदूषण की समस्या
इस्लामाबाद: दीपावली के बाद उत्तर भारत में बढ़ते वायु प्रदूषण और स्मॉग के मुद्दे पर पाकिस्तान ने भारत पर आरोप लगाना शुरू कर दिया है। पाकिस्तान ने अपने शहरों में जहरीली हवा और धुंध के लिए भारत से आ रही हवाओं को जिम्मेदार ठहराया है। स्विस एयर क्वालिटी ट्रैकर 'आईक्यूएयर' की हालिया वैश्विक रैंकिंग में लाहौर, पाकिस्तान का एक प्रमुख सांस्कृतिक शहर, लगातार दूसरे दिन दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में शीर्ष स्थान पर रहा है। लाहौर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 263 तक पहुंच गया है, जो स्वास्थ्य के लिए अत्यंत खतरनाक माना जाता है।
लाहौर का प्रदूषण स्तर WHO मानकों से 37 गुना अधिक
आईक्यूएयर द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, लाहौर में पीएम 2.5 की सघनता विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा निर्धारित वार्षिक सुरक्षित स्तर से 37.2 गुना अधिक है। विशेषज्ञों का कहना है कि ये सूक्ष्म कण सांस के जरिए फेफड़ों में पहुंचकर रक्त में मिल जाते हैं, जिससे गंभीर श्वसन और हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इस प्रदूषण के कारण लाहौर के निवासियों को आंखों में जलन, सांस लेने में कठिनाई और खांसी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
पाकिस्तानी मंत्री का भारत पर आरोप
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की पर्यावरण मंत्री मरियम औरंगजेब ने लाहौर और आसपास के क्षेत्रों में बिगड़ते हालात का आरोप भारत पर लगाया। उन्होंने कहा कि दीपावली के बाद भारतीय क्षेत्रों से आने वाली हवाएं प्रदूषक तत्वों को पाकिस्तान के सीमावर्ती इलाकों में ले आई हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि दोपहर के बाद हवा की दिशा में बदलाव से प्रदूषण के स्तर में कमी आ सकती है। भारत के विदेश मंत्रालय या पर्यावरण एजेंसियों की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
दिल्ली का प्रदूषण स्तर भी चिंताजनक
दूसरी ओर, आईक्यूएयर की अंतरराष्ट्रीय सूची में भारत की राजधानी दिल्ली 188 के AQI के साथ दुनिया का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर है। दिल्ली-एनसीआर में दिवाली की रात आतिशबाजी और मौसम के ठहराव के कारण स्मॉग की चादर फैली हुई है। भारतीय पर्यावरण निगरानी एजेंसियों के अनुसार, दिवाली की सुबह दिल्ली के वातावरण में पीएम 2.5 के स्तर में लगभग 55 प्रतिशत योगदान पटाखों के धुएं का था। दोनों देशों के प्रमुख शहर मौसमी बदलाव और वायुमंडलीय दबाव के कारण गंभीर वायु प्रदूषण का सामना कर रहे हैं।
