पाकिस्तान में 100 साल पुराने हिंदू मंदिर के ध्वस्त होने पर खन्ना ने उठाई आवाज
पाकिस्तान में मंदिर के ध्वस्त होने की घटना
होशियारपुर: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में एक 100 वर्ष पुराना हिंदू मंदिर, जिसे मदरसे के लिए रास्ता बनाने के उद्देश्य से तोड़ा गया, पर पूर्व सांसद और भाजपा नेता अविनाश राय खन्ना ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने इस मामले को केंद्रीय विदेश मंत्रालय के समक्ष उठाते हुए पाकिस्तान सरकार से मंदिर के पुनर्निर्माण और हिंदू धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
खन्ना के कार्यालय के सचिव ज्योति कुमार जौली ने बताया कि समाचार पत्रों में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब के नारोवाल जिले के सिराज गांव में स्थित यह मंदिर लगभग 100-125 वर्ष पुराना था और इसका क्षेत्रफल लगभग 1,000 वर्ग मीटर था। स्थानीय हिंदू समुदाय ने मंदिर के संरक्षण और पुनर्निर्माण की मांग की है।
जौली के अनुसार, खन्ना ने विदेश मंत्रालय से अनुरोध किया है कि इस मामले को पाकिस्तान सरकार के समक्ष उचित कूटनीतिक माध्यम से उठाया जाए और घटना की गंभीरता से जांच करवाई जाए। साथ ही, मंदिर के पुनर्निर्माण के लिए आवश्यक कदम उठाने का दबाव भी बनाया जाए।
खन्ना ने कहा कि किसी भी धार्मिक स्थल को सड़क या अन्य निर्माण के नाम पर नुकसान पहुंचाना अस्वीकार्य है। विशेष रूप से पाकिस्तान में हिंदू समुदाय के प्राचीन मंदिरों और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर उठने वाली चिंताओं के मद्देनजर, ऐसी घटनाओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
उन्होंने केंद्र सरकार से पाकिस्तान में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के धार्मिक स्थलों की सुरक्षा का मुद्दा प्रभावी ढंग से उठाने का आग्रह किया। खन्ना ने कहा कि धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक विरासत से जुड़े स्थलों की सुरक्षा केवल एक समुदाय का विषय नहीं है, बल्कि यह धार्मिक स्वतंत्रता, मानवाधिकार और सभ्य समाज की जिम्मेदारी है।
