पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों पर अत्याचारों की बढ़ती घटनाएँ चिंता का विषय: विजय सांपला
पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा पर चिंता
होशियारपुर: पूर्व केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता विजय सांपला ने पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के मंडी चूहड़काणा (फारूकाबाद) में स्थित लगभग 125 वर्ष पुराने ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा साहिब के साथ हुई तोड़फोड़ की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि यह केवल एक धार्मिक स्थल पर हमला नहीं है, बल्कि यह सिख समुदाय की आस्था, इतिहास और सांस्कृतिक धरोहर पर सीधा प्रहार है।
सांपला ने बताया कि पाकिस्तान में सिखों और अन्य अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा और धार्मिक स्वतंत्रता को लेकर लंबे समय से गंभीर चिंताएँ उठाई जा रही हैं। समय-समय पर मंदिरों और गुरुद्वारों पर हमलों, धार्मिक स्थलों पर अवैध कब्जों, और अल्पसंख्यक समुदायों के साथ भेदभाव की घटनाएँ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता का विषय बनी हुई हैं। इन घटनाओं से यह स्पष्ट होता है कि पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदायों के अधिकारों और उनकी धार्मिक विरासत की सुरक्षा के लिए अभी भी बहुत कुछ किया जाना बाकी है। यदि ऐतिहासिक और पवित्र धार्मिक स्थल भी सुरक्षित नहीं रह सकते, तो यह धार्मिक स्वतंत्रता और अल्पसंख्यक समुदायों के संवैधानिक अधिकारों पर गंभीर प्रश्न खड़ा करता है।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में पाकिस्तान में कई मंदिरों, गुरुद्वारों और अन्य धार्मिक स्थलों से जुड़े विवादों के कारण अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में पाकिस्तान सरकार की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि वह केवल आश्वासनों तक सीमित न रहे, बल्कि दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर यह सुनिश्चित करे कि हर धार्मिक स्थल और नागरिक की सुरक्षा उसकी प्राथमिकता है।
सांपला ने भारत सरकार द्वारा इस गंभीर मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठाने का स्वागत किया और कहा कि पाकिस्तान सरकार को इस मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच करनी चाहिए, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, और गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा साहिब का पुनर्निर्माण उसके मूल स्वरूप में सुनिश्चित करना चाहिए। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके साथ BJP जिला होशियारपुर के वाइस प्रेसिडेंट अश्वनी ओहरी और BJP नेता अमृत धनोआ भी उपस्थित थे।
