पाकिस्तानी उच्चायोग के आसपास अवैध निर्माण को हटाया गया
नई दिल्ली में कार्रवाई
नई दिल्ली। राजधानी में स्थित पाक उच्चायोग के आसपास अवैध निर्माण को बुधवार की रात तोड़ दिया गया। यह निर्माण उच्चायोग की निर्धारित भूमि सीमा से बाहर थे। चाणक्यपुरी के शांति पथ पर स्थित पाक उच्चायोग के पास बैरिकेड, फेंसिंग और वीजा सेक्शन के लिए बनाए गए कतार प्रबंधन ढांचे को भी हटा दिया गया।
इससे पहले, इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग के बाहर सुरक्षा बैरिकेड और पार्किंग पोल को हटाया गया था। इसे भारत की ओर से एक जवाबी कार्रवाई माना जा रहा है। संबंधित एजेंसियों ने जेसीबी की मदद से पाक उच्चायोग के बाहर यह कार्रवाई की। तस्वीरों में टूटी रेलिंग, गेट, लोहे के फ्रेम, छत की चादरें, ईंट और कंक्रीट के टुकड़े बिखरे हुए दिखाई दिए। हालांकि, बुलडोजर की कार्रवाई उच्चायोग की मुख्य इमारत तक नहीं पहुंची। मुख्य गेट, सफेद दीवारें और पाकिस्तानी निशान वाला बड़ा प्रवेश द्वार सुरक्षित रहा।
इसके अलावा, दोनों देशों के बीच अमेरिकी राजदूत की कश्मीर पर टिप्पणी को लेकर भी तनाव बढ़ा है। अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने बुधवार को श्रीनगर दौरे के दौरान जम्मू कश्मीर को भारत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। उन्होंने संकेत दिया कि अमेरिका कश्मीर के लिए अपनी ट्रैवल एडवाइजरी की समीक्षा कर सकता है। पाकिस्तान ने इस बयान पर आपत्ति जताई और इस्लामाबाद में अमेरिकी दूतावास के प्रभारी नताली बेकर को तलब किया, यह कहते हुए कि सार्वजनिक बयानों में कश्मीर की स्थिति का ध्यान रखा जाए।
