पानीपत में चाचा और दोस्त की हत्या के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी को जल्दी पकड़ा
पानीपत में एक युवक ने अपने चाचा और दोस्त की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को घटना के कुछ घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान साहिल के रूप में हुई है, जो बागपत, यूपी का निवासी है। सीआईए वन के प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में साहिल ने अपने चाचा राहुल और दोस्त अंकुश की हत्या की बात स्वीकार की। उसने बताया कि उसके चाचा के साथ प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था।
17 जून को साहिल अपने पिता की लाइसेंसी डोगा बंदूक लेकर अपने चाचा के ऑफिस पहुंचा और वहां उसे गोली मार दी। इसके बाद, उसने शव को अपनी टाटा सफारी गाड़ी में डालकर पानीपत आ गया। यहां उसने अपने दोस्त अंकुश को मिलने के लिए बुलाया और फिर उसे भी गोली मारकर हत्या कर दी। दोनों शवों को दिल्ली पैरलल नहर बाइपास पर फेंक दिया और खुद सोनीपत की ओर भाग गया।
पुलिस रिमांड के लिए न्यायालय में पेश करेगी आरोपी
इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि पूछताछ में साहिल ने बताया कि अंकुश के साथ उसका एक मारपीट का मामला चल रहा था। उसने 2024 में अंकुश के कहने पर दो युवकों के साथ मिलकर मारपीट की थी, लेकिन अंकुश ने बाद में उसकी मदद नहीं की। इसी रंजिश के चलते उसने अंकुश को बुलाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस अब आरोपी को विस्तृत पूछताछ और जांच के लिए न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेगी।
