पीवी सिंधू और मीराबाई चानू सहित 10 एथलीटों का भारतीय ओलंपिक संघ में निर्विरोध चयन
भारतीय ओलंपिक संघ का एथलीट आयोग
नई दिल्ली। ओलंपिक में पदक जीतने वाली पीवी सिंधू और मीराबाई चानू समेत 10 खिलाड़ियों को मंगलवार को भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के एथलीट आयोग का सदस्य निर्विरोध चुना गया। पूर्व ट्रैक और फील्ड एथलीट सुधा सिंह ने सोमवार रात चुनावी दौड़ से हटने का निर्णय लिया, जिसके कारण मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी, क्योंकि 10 सीटों के लिए केवल 10 उम्मीदवार ही बचे थे।
किदांबी श्रीकांत ने वापस ली अपनी उम्मीदवारी
निर्वाचन अधिकारी संजय के श्रीवास्तव ने मंगलवार को सभी 10 उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया, जिनमें पांच पुरुष और पांच महिलाएं शामिल हैं। इससे पहले, स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत ने भी अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली थी। एथलीट आयोग के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के पदों के लिए एक पुरुष और एक महिला का चुनाव किया जाएगा। इन चार निर्वाचित पदाधिकारियों में से दो आईओए की कार्यकारी परिषद के सदस्य बनेंगे।
इसके अतिरिक्त, एथलीट आयोग के दो सदस्य (एक पुरुष और एक महिला) मतदान के अधिकार के साथ आईओए की आम सभा के सदस्य बनेंगे। ये प्रतिनिधि 5 दिसंबर को होने वाले आईओए कार्यकारी परिषद के चुनाव में एथलीट आयोग का प्रतिनिधित्व करेंगे। एथलीट आयोग के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के साथ-साथ आईओए की आम सभा के दो प्रतिनिधियों का चुनाव बाद में किया जाएगा।
निर्विरोध निर्वाचित सदस्य
पीवी सिंधू, मीराबाई चानू, हरमनप्रीत सिंह, सलीमा टेटे, स्वप्निल कुसाले, भवानी देवी, तजिंदरपाल सिंह तूर, बोम्बाल्या देवी, साजन प्रकाश और मंजीत सिंह को निर्विरोध चुना गया है।
